Manoj Bajpayee On Ghooskhor Pandat: अभिनेता मनोज बाजपेयी ने अपनी फिल्म ‘गजब रात’ के पुराने नाम ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर हुए विवाद और उसके बाद सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर खुलकर बात की है। अभिनेता ने कहा कि वह खुद पर होने वाली आलोचना और नकारात्मक टिप्पणियों को काफी हद तक सहन कर सकते हैं, लेकिन जब विवाद के दौरान उनकी पत्नी और बेटी को निशाना बनाया गया तो उन्हें बेहद बुरा लगा। मनोज ने कहा कि उनके परिवार की तस्वीरें शेयर कर आपत्तिजनक बातें कही गईं, जिससे वह काफी चिंतित और आहत हुए थे। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
मनोज बाजपेयी की फिल्म को लेकर विवाद
मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘गजब रात’ को इसी साल फरवरी में नेटफ्लिक्स ने ‘घूसखोर पंडित’ नाम से घोषित किया था। फिल्म के इस शीर्षक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ। कई नेताओं और संगठनों ने इसे जातिवादी और आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया था। विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के निर्माताओं ने इसका नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया।
नाम को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान फिल्म के कलाकारों और मेकर्स को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। मनोज बाजपेयी ने हाल ही में पीटीआई के साथ बातचीत में इस दौर को याद करते हुए कहा कि एक अभिनेता के तौर पर वह आलोचना और असफलताओं से निपटना सीख चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपने करियर में उन्होंने रिजेक्शन से लेकर कई तरह की बातें सुनी हैं, इसलिए व्यक्तिगत रूप से उन्हें निशाना बनाए जाने से वह आसानी से प्रभावित नहीं होते।
‘लोगों ने मेरे परिवार को भी घसीट लिया’
हालांकि, अभिनेता के मुताबिक स्थिति तब अलग हो गई जब लोगों ने उनके परिवार को विवाद में घसीटना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता और गुस्सा तब आया, जब सोशल मीडिया पर उनके परिवार की तस्वीरें प्रकाशित की गईं और उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कही गईं।
मनोज बाजपेयी ने यह भी बताया कि उन्हें इस बात ने ज्यादा परेशान किया कि ये टिप्पणियां करने वाले लोग उनके लिए पूरी तरह अनजान और नामहीन थे। उन्होंने कहा कि वह आम तौर पर जिंदगी में काफी सहज रहते हैं और खुश रहना पसंद करते हैं, लेकिन जब अपने करीबियों को बचाने की बात आती है तो वह काफी आक्रामक तरीके से सामने आ सकते हैं। इस मामले में समस्या यह थी कि जिन लोगों ने उनके परिवार को निशाना बनाया, उनके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं था।
अभिनेता मनोज बाजपेयी की शादी अभिनेत्री शबाना रजा से हुई है, जिन्हें ‘करीब’ और ‘फिजा’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। दोनों की एक बेटी भी है।
रितेश शाह के निर्देशन में बनी ‘गजब रात’
विवाद के बाद फिल्म का नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया। रितेश शाह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म का निर्माण नीरज पांडे की कंपनी फ्राइडे स्टोरीटेलर्स ने किया है।
‘गजब रात’ की कहानी अजय निर्वित नाम के एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। एक घायल महिला के प्रति दिखाई गई उसकी संवेदनशीलता उसे एक बड़ी साजिश में फंसा देती है, जिसके बाद एक ही रात के दौरान घटनाओं का सिलसिला खतरनाक मोड़ लेता है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, श्रद्धा दास और अक्षय ओबेरॉय भी नजर आते हैं। किकू शारदा और नुसरत भरूचा फिल्म में विशेष भूमिकाओं में दिखाई देती हैं।

