पत्नी इलमा ने प्रेमी संग पति तालिब की हत्या कबूली:गर्दन पर निशान और वॉइस चैट से खुला राज, आज कब्र से निकालकर होगा पोस्टमार्टम

पत्नी इलमा ने प्रेमी संग पति तालिब की हत्या कबूली:गर्दन पर निशान और वॉइस चैट से खुला राज, आज कब्र से निकालकर होगा पोस्टमार्टम

मेरठ में एक ब्यूटीशियन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति तालिब की हत्या कर दी। उसने परिवार को गुमराह करने के लिए मौत की वजह हार्ट अटैक बताई थी। परिवार ने इसे सामान्य मौत मानकर शव को मुजफ्फरनगर में दफना दिया था। बाद में तालिब की गर्दन पर चोट के निशान और उसके मोबाइल में मिली वॉइस चैट से परिजनों को हत्या का शक हुआ। पूछताछ में पत्नी इलमा ने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब की हत्या करने की बात कबूल कर ली। इस मामले में आज बुधवार को डीएम की अनुमति के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस की मदद से तालिब का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गर्दन पर चोट का निशान देखकर हुआ शक जाकिर कॉलोनी फतेहउल्लापुर रोड निवासी अकरम अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका चचेरा भाई तालिब परिवार के साथ जाकिर कॉलोनी में रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था। करीब चार साल पहले उसकी शादी ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के अंजुम पैलेस के पास रहने वाले मोमिन की बेटी इलमा से हुई थी। दोनों की तीन साल की बेटी भी है। 28 सितंबर की रात करीब 8 बजे पड़ोस में रहने वाले इनाम ने अकरम के घर पहुंचकर तालिब की मौत की जानकारी दी। अकरम तालिब के घर पहुंचे तो शव को पूरी तरह ढका हुआ था। सिर्फ चेहरा दिखाई दे रहा था। इलमा ने बताया कि तालिब की मौत हार्ट अटैक से हुई है। परिवार ने इसे सच मान लिया और अगले दिन शव को मुजफ्फरनगर स्थित पैतृक गांव रसूलपुर दभेड़ी ले जाकर दफना दिया। शव दफनाने के दौरान किसी ने तालिब के शव की फोटो मोबाइल से खींच ली थी। बाद में फोटो देखने पर परिजनों की नजर तालिब की गर्दन पर पड़े चोट के निशान पर गई। इसके बाद उन्हें मौत के कारण पर शक होने लगा। पड़ोसियों ने अमन के साथ देखे जाने की दी थी जानकारी परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद इलमा का व्यवहार भी बदला हुआ था। वह कहीं जाने के लिए सामान पैक कर रही थी। इसी दौरान तालिब के कुछ पड़ोसियों ने परिजनों को बताया कि इलमा को जाकिर कॉलोनी में सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो के संचालक अमन के साथ देखा जाता था। इसके बाद परिजनों ने इलमा से सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इलमा ने तालिब की हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि वह अमन और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या में शामिल थी। इलमा ने पुलिस को यह भी बताया कि तालिब आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। हत्या से तीन दिन पहले वॉइस चैट भेजकर दी थी धमकी पुलिस जांच में तालिब के मोबाइल से एक अहम वॉइस चैट भी सामने आई है। आरोप है कि हत्या से करीब तीन दिन पहले अमन ने तालिब के व्हाट्सएप पर वॉइस चैट भेजकर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। गर्दन पर मिले चोट के निशान और मोबाइल में मिली इस वॉइस चैट ने पुलिस की जांच को हत्या की ओर मोड़ दिया। इसके बाद इल्मा ने हत्या करने की बात कबूल कर ली थी। इल्मा का कबूल नामे का वीडियो भी सामने आया था। जिसके बाद तालिब के भाई अकरम अली की तहरीर पर पुलिस ने इलमा और अमन के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि डीएम से अनुमति लेकर संबंधित दस्तावेज मुजफ्फरनगर पुलिस को भेजे गए हैं। आज बुधवार को तालिब का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इलमा और अमन के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद अमन के साथी की भूमिका भी स्पष्ट की जाएगी। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी और उनकी तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *