सीधी के सम्राट पृथ्वीराज चौक पर मंगलवार रात बस क्लीनर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, द्विवेदी बस का क्लीनर सुरेंद्र कोल दुकान से सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान वह दौड़ते हुए एक बाइक से टकरा गया। बाइक पर सवार पति-पत्नी गिर गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो कथित तौर पर मारपीट में बदल गई। टक्कर के बाद पति-पत्नी ने क्लीनर के साथ मारपीट की मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बाइक सवार लल्ला बसौर और उनकी पत्नी की क्लीनर सुरेंद्र कोल से बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी ने क्लीनर के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। डायल-112 पहुंची तो लोग भाग चुके थे प्रत्यक्षदर्शी अजय गुप्ता ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट में शामिल बताए जा रहे लोग वहां से भाग चुके थे। कोतवाली थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया के वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। संबंधित लोगों की तलाश की जा रही है।

