कटनी जिले के खडौला गांव में पटवारी से विवाद और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में कुठला पुलिस ने सोनू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर 2026 को स्वामित्व योजना लागू करने के दौरान हुई। कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने शुक्रवार सुबह बताया कि स्वामित्व योजना के तहत पटवारी पंचायत कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान सोनू सिंह वहां पहुंचा और शराब के नशे में अभद्रता व गाली-गलौज करने लगा। पुलिस के मुताबिक, उसने धमकियां भी दीं, जिससे शासकीय कार्य बाधित हुआ। हंगामा और गाली-गलौज करने का आरोप इसके बाद युवक मुख्य सड़क पर पहुंचकर हंगामा और गाली-गलौज करने लगा। ग्रामीणों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई। उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उपजेल कटनी भेज दिया गया।

