पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ तेज होगी कार्रवाई, DGP Gaurav Yadav ने दी सख्त चेतावनी

पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ तेज होगी कार्रवाई, DGP Gaurav Yadav ने दी सख्त चेतावनी

चंडीगढ़, नौ अक्टूबर पंजाब के नवनियुक्त डीजीपी गौरव यादव ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में गैंगस्टर एवं असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा यादव को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किए जाने के कुछ समय बाद उन्होंने यह टिप्पणी की। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं पंजाब में शांति और सद्भाव बनाए रखने की पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराता हूं।

राष्ट्रविरोधी तत्वों को अपने नापाक मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।’’
यादव ने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर और असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘वे कहीं भी छिपे हों, चाहे भारत में या विदेश में, पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाएगी। गैंगस्टर और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान तेज किए जाएंगे।’’
यादव ने कहा कि हाल में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया।

यादव को इससे पहले जुलाई 2022 में कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था। राज्य सरकार ने शुक्रवार को कहा कि 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी यादव को राज्य पुलिस बल का प्रमुख नियुक्त करने का फैसला संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) से प्राप्त पैनल पर विचार करने के बाद लिया गया है। नियमित डीजीपी की नियुक्ति के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने राज्य सरकार की ओर से भेजे गए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों के पैनल में से तीन अधिकारियों के नामों की सिफारिश की थी।

यादव का नाम भी इस पैनल में शामिल था। यूपीएससी की ओर से भेजे गए पैनल में विशेष डीजीपी शरद सत्य चौहान (पंजाब सतर्कता प्रमुख) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरप्रीत सिंह सिद्धू भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *