पंजाबी दरबार में भीड़ बेकाबू, पुलिस ने फटकारी लाठियां:मेला श्री दाऊजी महाराज में हंगामे के बीच कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां, धक्का-मुक्की

पंजाबी दरबार में भीड़ बेकाबू, पुलिस ने फटकारी लाठियां:मेला श्री दाऊजी महाराज में हंगामे के बीच कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां, धक्का-मुक्की

हाथरस के मेला श्री दाऊजी महाराज में रविवार रात पंजाबी दरबार का आयोजन हुआ। इसमें हजारों दर्शक पहुंचे, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारीं। रविवार की रात्रि से शुरुआत यह कार्यक्रम सोमवार की सुबह तक चला। इसका शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने किया। हरियाणवी कलाकार अंजली राघव, पंजाबी गायक अमर संधू आदि ने प्रस्तुतियां दीं। भारी भीड़ के कारण प्रवेश द्वारों और कार्यक्रम स्थल के आसपास व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। पुलिस पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोगों से मारपीट करने के आरोप भी लगे। इस मौके पर जिला मंत्री राजेश सिंह गुड्डू, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह, सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश और खैर चेयरमैन संजय शर्मा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। अंजली राघव को ‘मोटो’ और ‘पिस्टल ते महंगा लहंगा’, अमर संधू को ‘बापू तेरे करके’, ‘रूफटॉप पार्टी’ और ‘चंगा लगदा’ जैसे चर्चित गानों के लिए जाना जाता है। फिल्मी के ‘सीत लहर’, ‘पागल’ और ‘सुनो नाथ’, जबकि मिस्टर दत्त के ‘किताब’, ‘बामन लव’ और ‘जले’ जैसे गाने भी श्रोताओं के बीच चर्चित रहे। अपना नितिन का ‘डूबी जवानी’ और संजना यादव-श्याम यादव की जोड़ी के ‘तेरा मेरा ब्याह’, ‘गैरा ते सगाई’, ‘लव यू भोले जी’ और ‘दिल का टुकड़ा’ जैसे गाने पर युवा जमकर झूमे। संजना यादव के गायन के दौरान अचानक कुछ युवक मंच पर चढ़ आए। कार्यक्रम को बीच में रोकना पड़ा। आयोजकों और सुरक्षा में लगे लोगों ने स्थिति संभाली, जिसके बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू कराया गया। VVIP और प्रशासन की ओर से जारी पास लेकर पहुंचे कई लोगों को भी प्रवेश नहीं मिल पाने का मामला सामने आया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से पास जारी किए जाने के बावजूद उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। मौके पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी बिना नेम प्लेट के भी नजर आए। भीड़ के बीच मोबाइल चोरी की घटनाएं भी सामने आईं। हरिओम शर्मा ने बताया कि उनका मोबाइल फोन भीड़ के दौरान चोरी हो गया। कार्यक्रम के संयोजक अंकित गौड़ रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल उपाध्याय ने किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *