हनुमानगढ़ के नोहर कस्बे में एक पुश्तैनी मकान से करीब 5 लाख रुपए का सामान चोरी हो गया। चोर मकान के ताले तोड़कर तांबे-पीतल के बर्तन, पंखे, पानी की मोटर और चांदी की मूर्ति सहित कई कीमती चीजें ले गए। चोरी का पता 6 अक्टूबर को चला, जब मकान की देखरेख करने वाले पूर्व पार्षद मदनलाल जोशी वहां पहुंचे। उन्होंने मकान मालिक हर्ष कुमार कल्याणी को सूचना दी, जो बेंगलुरु में रहते हैं। हर्ष के भाई आनंद और राजेश कलकत्ता में रहते हैं। चोरी के 6 दिन बाद हुई रिपोर्ट
12 अक्टूबर को हर्ष कुमार कल्याणी नोहर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि चोर तांबे की चार कुंड, पीतल की दो कुंड, चार सीलिंग फैन, दो टेबल फैन, दो पानी की मोटर, दरवाजों पर लगे पीतल के कब्जे, हथ्थियां व कुंडे ले गए। इसके अलावा, परिवार के उपयोग में आने वाले पीतल और कांसे के अन्य सामान भी गायब मिले। चोर पूजा घर से हनुमानजी की चांदी की मूर्ति और चांदी के पूजा के बर्तन भी चुरा ले गए।
हर्ष कुमार कल्याणी की रिपोर्ट पर नोहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हेड कॉन्स्टेबल सुभाष मामले की जांच कर रहे हैं।

