नॉर्को-टेरर केस में NIA का एक्शन:अमृतसर में आरोपी अनवर मसीह की 2 संपत्तियां अटैच

नॉर्को-टेरर केस में NIA का एक्शन:अमृतसर में आरोपी अनवर मसीह की 2 संपत्तियां अटैच

राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने 500 किलो हेरोइन तस्करी से जुड़े नॉर्को-टेरर मामले में अमृतसर में कार्रवाई की है। एजेंसी ने मामले के आरोपी अनवर मसीह की दो अचल संपत्तियों को अटैच कर लिया है। यह कार्रवाई 13 अगस्त को की गई। अटैच की गई दोनों संपत्तियां अमृतसर के सुल्तानविंड इलाके के आकाश विहार फेज-1 में स्थित हैं। इनमें प्लॉट नंबर 128 और 129 शामिल हैं। दोनों संपत्तियां अनवर मसीह के नाम पर दर्ज हैं। NIA ने यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी UAPA की धारा 25(1) के तहत की है। यह मामला RC-26/2020/NIA/DLI के तहत दर्ज है और इसे सलाया ड्रग सीजर केस के नाम से भी जाना जाता है। मामला पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए भारत में करीब 500 किलो हेरोइन की तस्करी से जुड़ा है। NIA की जांच के मुताबिक, अनवर मसीह के तार इटली, ऑस्ट्रेलिया, UAE, थाईलैंड, ईरान और पाकिस्तान तक फैले एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। एजेंसी के अनुसार, यह नेटवर्क नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके वितरण के अलावा ड्रग्स से हासिल पैसों का इस्तेमाल लश्कर-ए-तैयबा यानी LeT से जुड़ी आतंकी गतिविधियों के लिए करता था। जांच के दौरान इन दोनों संपत्तियों का संबंध कथित तौर पर आतंकवाद से जुड़ी कमाई से सामने आया। इसी आधार पर NIA ने इन्हें अटैच किया है। कार्रवाई के दौरान गवाहों और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही। संपत्ति मालिक को अटैचमेंट ऑर्डर सौंपा गया और उसे मौके पर पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद आदेश को संपत्तियों पर चस्पा किया गया और अटैचमेंट मेमोरेंडम व पंचनामा भी तैयार किया गया। NIA के अनुसार, इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले की जांच अभी भी जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *