नैमिषारण्य में नवरात्रि पर सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम:आईजी ने मंदिरों की व्यवस्था परखी, सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी पुलिस

नैमिषारण्य में नवरात्रि पर सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम:आईजी ने मंदिरों की व्यवस्था परखी, सिविल ड्रेस में तैनात रहेगी पुलिस

सीतापुर में नवरात्रि पर्व के मद्देनजर नैमिषारण्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में आईजी किरण एस ने शनिवार शाम करीब 4:30 बजे प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान आईजी ने कहा कि नवरात्रि में नैमिषारण्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित रखना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और पुलिसकर्मियों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि मंदिरों और घाटों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था व्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि किसी एक स्थान पर भीड़ का दबाव न बढ़े और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश आईजी ने एसपी अंकुर अग्रवाल को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन बेहतर रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी करने और सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। पुलिस प्रशासन की ओर से धार्मिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया। इस दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल, एसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ विशाल गुप्ता, नैमिषारण्य थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *