नेपाल में बिगड़े हालात के बीच पत्नी संग सुरक्षित कोलकाता लौटे एक्टर खराज मुखोपाध्याय, बोले- सभी के प्यार से बच सके

नेपाल में बिगड़े हालात के बीच पत्नी संग सुरक्षित कोलकाता लौटे एक्टर खराज मुखोपाध्याय, बोले- सभी के प्यार से बच सके

Nepal Flood: नेपाल में शूटिंग के लिए गए अभिनेता खराज मुखोपाध्याय पत्नी प्रतिमा मुखोपाध्याय के साथ सुरक्षित कोलकाता लौट आए हैं। नेपाल में बिगड़े हालात के बाद दोनों को गोरखपुर के रास्ते कोलकाता पहुंचना पड़ा। 

कोलकाता। नेपाल त्रासदी के बाद अस्थिर हालात के बीच अभिनेता खराज मुखोपाध्याय अपनी पत्नी प्रतिमा मुखोपाध्याय के साथ सुरक्षित कोलकाता लौट आए हैं। अभिनेता के नेपाल में होने की खबर के बाद उनके प्रशंसक लगातार चिंतित थे। खराज के बेटे बिहू मुखोपाध्याय ने सोशल मीडिया के जरिए उनके पिता की स्थिति की जानकारी साझा की थी।

शुभचिंतकों का आभार जताया

नेपाल से सुरक्षित कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद खराज मुखोपाध्याय ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे और पत्नी प्रतिमा कोलकाता लौट आए हैं। हम पोखरा में शूटिंग के लिए गए थे। इसके बाद कई परेशानियों का सामना करते हुए गोरखपुर पहुंचे और वहां से कोलकाता आए। बहुत से लोगों ने हमारी चिंता की। सभी के प्यार और शुभकामनाओं से हम सुरक्षित कोलकाता लौट सके। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दर्शकों को और भी अच्छे काम देखने को मिलेंगे।

शूटिंग के सिलसिले में गए थे नेपाल

बताया गया है कि खराज मुखोपाध्याय और उनकी पत्नी शूटिंग के सिलसिले में नेपाल के पोखरा गए थे। वहां उत्पन्न परिस्थितियों के बाद उन्हें नेपाल से भारत पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिल्म की शूटिंग के लिए नेपाल गए अन्य कलाकारों के भी सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। अपू विश्वास के जल्द काठमांडू से ढाका लौटने की बात कही गई है।

बांग्लादेशी अभिनेत्री सुरक्षित

इसी दौरान बांग्लादेशी अभिनेत्री अपू विश्वास भी नेपाल में मौजूद थीं। उन्होंने बताया था कि वह नेपाल में ही हैं, लेकिन सुरक्षित हैं। वहीं, अभिनेता रजताभ दत्ता भी उसी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में नेपाल गए थे। हालांकि वह घटनाक्रम के गंभीर होने से पहले ही कोलकाता लौट चुके थे। खराज मुखोपाध्याय के सुरक्षित लौटने की खबर के बाद उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है। अभिनेता ने भी अपने चाहने वालों को भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही अपने काम पर लौटेंगे और दर्शकों के लिए नए प्रोजेक्ट लेकर आएंगे।

चर्चित अभिनेताओं में शामिल

खराज मुखर्जी बंगाली फिल्मों के चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने ‘एक्सीडेंट’, ‘मुक्तोधारा’ और ‘जातिश्वर’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया है। हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई और ‘कहानी’, ‘स्पेशल 26’, ‘द नेमसेक’, ‘युवा’, ‘परिणीता’, ‘लगा चुनरी में दाग’ और ‘लफंगे परिंदे’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *