Nepal Flash Flood News: काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में तबाही के तीन दिन बाद भारी कीचड़ और मलबे के नीचे दबी छह साल की मासूम बच्ची को रेस्क्यू टीमों ने जिंदा बाहर निकाल लिया है। इस चमत्कारिक रेस्क्यू ने आपदा के बीच राहत और बचाव कार्य में जुटे जवानों में उम्मीद की एक नई किरण जगा दी है।
मिट्टी के नीचे से सुनाई दी बच्ची की आवाज
घटना रसुवा जिले के तिमुरे गांव की है। यह इलाका भोटे कोशी नदी में आई बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सशस्त्र पुलिस बल (APF) की टीम मलबे में लोगों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान जवानों को मिट्टी के नीचे से बेहद धीमी आवाज में रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जवानों ने तुरंत खुदाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे के नीचे बच्ची दिखाई दी। टीम ने सावधानी से उसे बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
खराब मौसम ने हेलीकॉप्टर उड़ान में डाली बाधा
बच्ची को तिमुरे स्थित एपीएफ के बॉर्डर आउटपोस्ट में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, बाद में उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा की जरूरत महसूस हुई। अधिकारियों ने उसे हेलीकॉप्टर से काठमांडू ले जाने की तैयारी की, लेकिन खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण उड़ान नहीं हो सकी। रेस्क्यू टीम ने बच्ची की हालत को स्थिर बनाए रखा। शनिवार दोपहर मौसम साफ होने के बाद हेलीकॉप्टर से उसे काठमांडू के अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल बच्ची का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, परिजनों की तलाश जारी
इस रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग जवानों के समर्पण की सराहना कर रहे हैं। बच्ची की पहचान मनीषा मगर के रूप में हुई है और उसके परिवार व रिश्तेदारों का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क करने की अपील की जा रही है।
नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही
नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। कई इलाकों में घर, सड़कें और पुल बाढ़ के तेज बहाव में बह गए हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं। विदेश मंत्री शिशिर खानाल ने शनिवार को कहा कि बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और पुनर्वास पर अरबों डॉलर का खर्च आ सकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से नेपाल की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।



“जीवन बचाउने अभियानमा कुनै दूरी ठूलो हुँदैन”