नेपाल बाढ़ पर बड़ा अपडेट: PM मोदी ने बालेन शाह से की बात, राहत के लिए सेना मैदान में

नेपाल बाढ़ पर बड़ा अपडेट: PM मोदी ने बालेन शाह से की बात, राहत के लिए सेना मैदान में

Nepal flood: नेपाल के उत्तरी इलाकों में बुधवार को भोटे कोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी तिब्बत की ओर से आया और देखते ही देखते नुवाकोट और धादिंग जिलों के कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। नेपाली मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। 

नेपाल पुलिस के केंद्रीय प्रवक्ता एवं डीआईजी अभि नारायण काफ्ले के अनुसार, नुवाकोट और धादिंग जिलों से अब तक कम से कम आठ शव बरामद किए जा चुके हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

105 भारतीय समेत 384 लोग लापता

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से कुल 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशी नागरिकों में 105 भारतीय बताए गए हैं।

Nepal flood death toll
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने जारी किए आंकड़े

इसके अलावा, रसुवा जिले में नेपाल पुलिस के कम से कम 26 जवानों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। सशस्त्र पुलिस बल के भी सात जवानों के लापता होने की पुष्टि हुई है।

मोदी ने की नेपाल के PM से बात

वहीं त्रासदी को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया। साथ ही नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता और राहत मदद देने का भरोसा जताया। 

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में भारतीय दूतावास ने अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय लोगों की जानकारी के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर भी शुरू कर दिया है। 

सेना ने संभाला मोर्चा

बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाल सेना ने हेलीकॉप्टर और आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं। सेना के मुताबिक, नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

नेपाल पुलिस ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। पुलिस प्रवक्ता काफ्ले ने कहा कि अभी नुकसान की पूरी तस्वीर सामने नहीं आई है और कई बस्तियां प्रभावित हो सकती हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आईं तबाही की तस्वीरें

नेपाल पुलिस और अन्य लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में पहाड़ी इलाकों से तेज रफ्तार में बहता मटमैला पानी दिखाई दे रहा है। कई जगह पानी अपने रास्ते में आने वाली संरचनाओं और सड़कों को बहाता नजर आया।

नेपाल पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी बाकी है। नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन ने अपने सभी उपलब्ध संसाधन लगा दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *