बुरहानपुर के नेपानगर में नवदुर्गा उत्सव की तैयारियां चल रही हैं, जो 11 अक्टूबर से शुरू होगा। बंगाल के कलाकार आशीष कुमार शर्मा ने करीब ढाई महीने में मां दुर्गा की मूर्ति परिवार के साथ तैयार की है। इसमें गणेशजी, लक्ष्मी, सरस्वती और कार्तिकेय भी शामिल हैं।
आशीष कुमार शर्मा 1982 से हर साल बंगाल के मुर्शिदाबाद से नेपानगर आते हैं। उन्हें नेपा मिल के तत्कालीन सीएमडी दासगुप्ता ने मूर्ति बनाने के लिए बुलाया था। तब से वह लगातार यहां प्रतिमाएं बना रहे हैं।
मूर्ति का चेहरा बनाने के लिए मिट्टी बंगाल से लाई जाती है। ढांचा बनाने में नदी की गाद, खेत की काली मिट्टी और धान की घास का इस्तेमाल होता है। नेपा मिल हर साल 12 फीट की मूर्ति बनवाती है।
बंगाल में मूर्तियां हमेशा परिवार के साथ बनती हैं, जबकि नेपानगर में सिंगल प्रतिमाएं भी स्थापित होती हैं। नेपा मिल नेहरू स्टेडियम में प्रतिमा स्थापित करती है, जहां नौ दिनों का मेला भी लगता है।

