नूंह जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) फरीदाबाद यूनिट ने पिनगवां के मेन बाजार से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाजार में हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15.86 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 1.50 लाख रुपए आंकी गई है। सूचना पर बाजार में पहुंची टीम एचएसएनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर संग्राम सिंह के मुताबिक, उनकी टीम नूंह जिले में नशा विरोधी गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इमराननिवासी हरिजन कॉलोनी, ढाणा रोड, पिनगवां हेरोइन बेचता है और इस समय पिनगवां के मेन बाजार में नशीला पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को काबू कर लिया। पैंट की जेब से मिली हेरोइन पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी को बुलाकर आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान उसकी पैंट की जेब से हेरोइन मिली। डिजिटल कांटे पर वजन करने पर कुल 15.86 ग्राम नशीला पदार्थ पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस पदार्थ को रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस इस मामले में थाना पिनगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब जांच के दौरान पुलिस आरोपी से हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

