कोरबा शहर के व्यस्ततम इलाके निहारिका स्थित प्रसिद्ध न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मिठाई और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन बाथरूम के अंदर फर्श पर धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य प्रतिष्ठान की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग खाद्य सुरक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पहले देखिये यह तस्वीरें ग्राहक ने बनाया वीडियो, कर्मचारियों से भी की पूछताछ बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने न्यू दिल्ली स्वीट्स में यह नजारा देखा और इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में कर्मचारी बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्राहक ने कर्मचारियों से इस संबंध में पूछताछ भी की। वीडियो में कर्मचारियों की ओर से दावा किया गया कि कुछ तकनीकी परेशानी के कारण इमरजेंसी की स्थिति में वहां बर्तन धुलवाए जा रहे थे। कर्मचारियों ने भी कुछ परेशानी आने के चलते बर्तन धोने की बात कही। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने कर्मचारियों को ऐसा नहीं करने की हिदायत दी, लेकिन तब तक पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी। वीडियो वायरल होते ही उठे स्वच्छता पर सवाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। खास तौर पर त्योहारी सीजन में मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के बीच इस तरह का वीडियो सामने आने से खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों ने शहर के अन्य होटल और स्वीट्स दुकानों की भी जांच कराने की मांग की है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया संज्ञान सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वीडियो के आधार पर दुकान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। मौके पर जांच की जाएगी और यदि वीडियो में दिखाई गई स्थिति प्रमाणित पाई जाती है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों का पालन करना अनिवार्य है। बाथरूम जैसी जगह पर बर्तन धोना नियमों के विरुद्ध है। विभाग की जांच टीम जल्द ही दुकान का निरीक्षण करेगी। स्थानीय लोगों ने अन्य दुकानों की जांच की भी मांग की वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शहर के अन्य होटलों और स्वीट्स दुकानों की भी जांच करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच की जरूरत है। फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से न्यू दिल्ली स्वीट्स को नोटिस जारी करने और मौके पर जांच की बात कही गई है। जांच के बाद ही वीडियो में दिखाई गई स्थिति के संबंध में आगे की कार्रवाई तय होगी। ………………….. इस से जुडी यह खबर भी पढ़िए टॉयलेट में बर्तन धोने पर ढाबे का लाइसेंस सस्पेंड:खाना खाने आए ग्राहक ने बनाया VIDEO, वायरल होने के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हरेठी स्थित पापा ढाबा का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की। जांच में वीडियो सही पाए जाने पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। …..पढ़िए पूरी खबर

