गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ढेमवाघाट पर नाव पर बैठने को लेकर एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। युवक अपने ससुराल से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। दत्तनगर माझा निवासी अमन सिंह और उनके साथियों पर अयोध्या के सोहावल निवासी युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। पीड़ित युवक दत्तनगर माझा गांव में नान्हू यादव के यहां अपनी ससुराल आया था। वह नाव से घर लौटने के लिए ढेमवाघाट पहुंचा था। इसी दौरान नाव पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। बीच-बचाव करने आए युवक को भी पीटा विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी पीट दिया गया। नाव पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने विवाद रोकने की कोशिश नहीं की। इसके बजाय वहां मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मारपीट और विवाद का वीडियो सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

