हरियाणा के नारनौल में अटेली मंडी क्षेत्र में मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने करीब तीन घंटे में खुलासा कर दिया। थाना अटेली मंडी पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को कनीना मार्केट से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुधीर निवासी गुढ़ा और विनय निवासी धनौंदा, थाना सदर कनीना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए हैं। डीएसपी ने दी जानकारी डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि 12 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे थाना अटेली मंडी पुलिस को मंदिर में चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता सुरेश निवासी महासर ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 7-8 वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य कर रहा है। 11 सितंबर की शाम करीब 7 बजे आरती करने के बाद वह मंदिर बंद कर घर चला गया था। घंटा मिला था गायब अगली सुबह वह आरती करने के लिए मंदिर पहुंचा तो वहां पीतल का घंटा गायब मिला। दानपात्र की पेटी भी खुली हुई थी और मंदिर का अन्य सामान भी मौके पर नहीं मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। 3 घंटे में ही पकड़ा मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उपलब्ध तथ्यों के साथ तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का विश्लेषण किया गया। पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर दोनों को कनीना मार्केट से गिरफ्तार कर लिया। दो घंटे बरामद पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों पर पहले से केस दर्ज पुलिस जांच के अनुसार आरोपी सुधीर के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं आरोपी विनय के खिलाफ भी जुआ और चोरी से संबंधित दो मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।

