हरियाणा के नारनौल रेलवे स्टेशन से करीब 7 किलोमीटर दूर फुलेरा रेलमार्ग पर स्थित अमरपुर जोरासी स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य पूरा किया गया है। प्लेटफॉर्म को मीडियम लेवल से हाई लेवल किया गया है। इससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल की ओर से विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म के नए निर्माण, ऊंचाई बढ़ाने और विस्तार के कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। जीलो स्टेशन पर भी हुआ काम रेलवे के अनुसार अमरपुर जोरासी के अलावा हरियाणा के साथ लगते राजस्थान के जीलाे और अरनिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म नंबर 1 को भी मीडियम लेवल से हाई लेवल किया गया है। परेशानी होगी कम प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ने से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली परेशानी कम होगी। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के आवागमन और ट्रेन संचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म उन्नयन जैसे कार्यों से स्टेशनों की उपयोगिता बढ़ने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे का यह कदम यात्री सुविधाओं को मजबूत करने के साथ परिचालन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायक होगा।

