कानपुर के सजेती में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर जबरन शादी कराने और करीब तीन साल तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। 25 हजार रुपए का इनामी आरोपी राजस्थान के कोटा से पकड़ा गया। गुरुवार शाम उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सजेती थाने में नाबालिग लड़की के अपहरण, जबरन शादी और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। लंबे समय से गिरफ्तारी न होने पर आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली। इसके बाद सजेती पुलिस ने राजस्थान के कोटा में दबिश देकर आरोपी वीरेंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने लेकर आई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस का कहना है, कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस टीम ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद टीम ने कोटा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशकर भेजा जेल सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि नाबालिग लड़की के अपहरण, जबरन शादी और बंधक बनाकर दुष्कर्म के मामले में आरोपी वीरेंद्र सिंह यादव करीब तीन साल से फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। राजस्थान के कोटा से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

