नागौर: शादी के लिए दिए 3 लाख रुपए, महीनेभर बाद ही दुल्हन घर से फरार; युवक ने चार महिलाओं पर लगाया ठगी का आरोप

नागौर: शादी के लिए दिए 3 लाख रुपए, महीनेभर बाद ही दुल्हन घर से फरार; युवक ने चार महिलाओं पर लगाया ठगी का आरोप

गोटन। नागौर के गोटन से शादी कराने के नाम पर तीन लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। सीलगांव निवासी युवक रामलाल जाट ने गोटन थाने में इस्तगासे के जरिए रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने अकोला निवासी दुल्हन नीतू, उसकी मौसी दिव्या समेत चार महिलाओं पर साजिश के तहत शादी कराकर रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल पर भेजे थे लड़कियों के फोटो

रामलाल ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल जीएनएम मेडिकल का प्रशिक्षण ले रहा है। उसकी पहचान गोटन निवासी सुषमा और शारदा से थी। उन्होंने बताया कि जब वह अविवाहित थे तो 10 अप्रैल से 21 मई के बीच दोनों ने उसके मोबाइल पर शादी के लिए अलग-अलग लड़कियों के फोटो भेजे थे। इसके बाद 5 जून को दोनों महिलाओं ने उसे गोटन बुलाया। यहां उसकी मुलाकात महाराष्ट्र के अकोला निवासी नीतू और उसकी मौसी दिव्या से करवाई गई। बातचीत के बाद नीतू से विवाह कराने के लिए तीन लाख रुपए की मांग रखी गई।

तीन लाख रुपए देने के बाद कोर्ट में हुआ विवाह

दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार रामलाल ने अपने पिता और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सुषमा के घर पर तीन लाख रुपए नकद दिए। युवक का दावा है कि रकम देने का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। पैसे देने के बाद उसी दिन मेड़ता कोर्ट परिसर में स्टांप पर इकरारनामा तैयार करवाया गया और नीतू के साथ उसका विवाह कराया गया।

महीनेभर बाद घर छोड़कर चली गई दुल्हन

रामलाल का आरोप है कि शादी के लगभग एक महीने बाद नीतू अचानक घर से चली गई। उसके जाने के बारे में पूछताछ करने पर उसे कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद युवक ने पूरे मामले को लेकर पुलिस की शरण ली।

रिपोर्ट में रामलाल ने आरोप लगाया कि चारों महिलाओं ने पहले से योजना बनाकर शादी करवाई और उसका मकसद उससे रुपए हासिल करना था। मामले में पुलिस ने नीतू, दिव्या, सुषमा और शारदा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपों की जांच के साथ शादी और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *