मैहर में सोमवार को नाग पंचमी और चौरसिया दिवस के अवसर पर चौरसिया समाज ने एक शोभायात्रा निकाली। इसमें सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। यह शोभायात्रा पूर्व दरवाजा से शुरू होकर घंटाघर, कटरा बाजार, एसबीआई चौराहा, अलाउद्दीन खां चौक और उत्तर दरवाजा होते हुए राम मंदिर पूर्व दरवाजा पर समाप्त हुई। यात्रा में रथ, घोड़े, पालकी, डीजे, बैंड-बाजा और विभिन्न धार्मिक झांकियां शामिल थीं। भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने स्वागत किया। समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा में शामिल हुए। जाम में फंसे वाहन शोभायात्रा के कारण शहर की यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यातायात को व्यवस्थित किया और जाम खुलवाकर आवागमन बहाल कराया। इस दौरान, माई की रसोई के संचालक धीरज पांडेय के बेटे सौराज पांडेय ने चुनरी पहनाकर लोगों का स्वागत किया। शोभायात्रा में विनोद चौरसिया, मनोज चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया, विष्णु चौरसिया, अरुण चौरसिया, दीपू चौरसिया, सुनील चौरसिया, संतोष चौरसिया, अमित चौरसिया और शनि चौरसिया सहित समाज के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

