राजगढ़ के करेड़ी गांव में रविवार रात अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर के नेतृत्व में हुआ। ग्रामीणों का कहना था कि नवरात्रि में आरती के समय भी बिजली काटी जा रही है। रात में बिजली नहीं होने से मच्छरों के कारण भी परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर ग्रामीण पहले भी बिजली विभाग से शिकायत कर चुके थे। तंवर बोले- आरती के समय बिजली क्यों काटी जा रही बापूसिंह तंवर ने कहा कि बिजली विभाग को कई बार समस्या बताने के बावजूद कटौती जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि नवरात्रि में मां दुर्गा की आरती के समय गांवों की बिजली क्यों काटी जा रही है। उन्होंने भाजपा के विधायक, मंत्री और सांसदों की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। तंवर ने किसानों की बिजली समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में दो मंत्री होने के बावजूद किसानों की बिजली कटौती पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के हिंदुत्व के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर हिंदुत्व की बात होती है, तो क्या गांवों में हिंदू नहीं रहते। अधीक्षण यंत्री से फोन पर चर्चा के बाद धरना खत्म प्रदर्शन के दौरान तंवर ने धरना स्थल से ही मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, राजगढ़ के अधीक्षण यंत्री से फोन पर चर्चा की और ग्रामीणों की समस्या बताई। अधिकारी ने नवरात्रि के दौरान बिजली कटौती नहीं करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शन में राजगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्रसिंह पंवार सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। तंवर ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।

