नवजात शावक के पास जुटी भीड़ से भड़की हथिनी:रामगढ़ के युवक को कुचलकर मार डाला, करीब जाकर बना रहे थे वीडियो-रील

नवजात शावक के पास जुटी भीड़ से भड़की हथिनी:रामगढ़ के युवक को कुचलकर मार डाला, करीब जाकर बना रहे थे वीडियो-रील

रामगढ़ वन क्षेत्र के गोबरदरहा इलाके में हाथियों के झुंड को करीब से देखने और वीडियो बनाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गयी। झुंड में शामिल एक हथिनी ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि हथिनी ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया है। नवजात शावक को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जंगल क्षेत्र में पहुंच रहे थे। कई लोग हाथियों के काफी नजदीक जाकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान लोगों की भीड़, शोरगुल और लगातार हो रही गतिविधियों से शावक के साथ मौजूद हथिनी अचानक आक्रामक हो गयी। वह भीड़ की ओर दौड़ पड़ी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बाइक गिरने के बाद संभलने का मौका नहीं मिला हथिनी के दौड़ने के दौरान वहां मौजूद यशवंत महतो भी बचने के लिए अपनी बाइक से भागने लगा। लेकिन अफरा-तफरी के बीच उसकी बाइक रास्ते में गिर गयी। यशवंत बाइक संभालकर उठ पाता, इससे पहले ही हथिनी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हमले में वह गंभीर रूप से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के पुन्नू गांव निवासी यशवंत महतो के रूप में हुई है। वह रामगढ़ में एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी। जंगल क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, गोबरदरहा और आसपास के वन क्षेत्र में करीब 45 हाथियों का एक झुंड विचरण कर रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और आसपास के लोगों में हाथियों को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने कहा- हाथियों से दूरी रखें, रील बनाने से बचें घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी के आसपास जाने को बेहद जोखिम भरा बताया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे के साथ रहने वाली हथिनी किसी भी बाहरी गतिविधि या खतरे को लेकर अचानक आक्रामक हो सकती है। इसलिए हाथियों को देखने के लिए भीड़ जुटाना, उनके करीब जाना या मोबाइल से वीडियो-फोटो और रील बनाना जानलेवा साबित हो सकता है। विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने और हाथियों के झुंड को किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील की है। वन विभाग की ओर से लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *