नर्मदापुरम में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नर्मदापुरम में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह करीब 11 बजे शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय से शुरू हुई यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, समाजसेवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयकारों से शहर गूंजता रहा। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। विधायक-कलेक्टर समेत अधिकारी हुए शामिल तिरंगा यात्रा में नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह राजपूत, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी साईं कृष्णा एस थोटा, डीएफओ गौरव शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। यात्रा में विद्यार्थी, युवा, समाजसेवी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान ‘एक तिरंगा–एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ और ‘हर घर तिरंगा, हर दिल भारत’ का संदेश दिया गया। शहीद गैलरी से सेठानी घाट तक पहुंची यात्रा तिरंगा यात्रा शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय से शुरू होकर नेहरू पार्क, टेलीफोन चौराहा, कोठी बाजार, कलेक्ट्रेट, वन विभाग मोड़, एसपी बंगला, कलेक्टर बंगला, मालाखेड़ी, सेमेरिट्स स्कूल चौराहा, जेल, मीनाक्षी चौक, कॉलेज के सामने, सतरस्ता, अमर चौक, जयस्तंभ चौक और सराफा चौक होते हुए सेठानी घाट पहुंची। यहां भारत माता की आरती, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ तिरंगा यात्रा का समापन किया गया। विधायक बोले- तिरंगा भारत की शान नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि तिरंगा भारत की शान है। आजादी और तिरंगे के लिए देश के अनेक वीरों ने बलिदान दिया है। उन्हें याद करने, नमन करने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से संदेश दिया जा रहा है कि हम भारतवासी एक हैं और राष्ट्र हमारे लिए सर्वोपरि है। खुली जीप और जिप्सी में नजर आए जनप्रतिनिधि-अधिकारी तिरंगा यात्रा के दौरान दादा गुरु, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसपी साईं कृष्णा, नर्मदापुरम, सोहागपुर और सिवनी मालवा के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला और नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी खुली जीप और जिप्सी में नजर आए। बाकी प्रतिभागी बाइक और अन्य वाहनों से यात्रा में शामिल हुए। हेलमेट को लेकर भी दिखी लापरवाही तिरंगा यात्रा में हेलमेट को लेकर प्रशासन की अपील के बावजूद कुछ लोगों की लापरवाही भी नजर आई। कलेक्टर ने बाइक से यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों से हेलमेट पहनकर आने की अपील की थी। यात्रा में सबसे आगे बाइक से चल रहे पुलिसकर्मी हेलमेट पहने नजर आए, लेकिन कई सामाजिक संगठनों, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों ने बिना हेलमेट बाइक चलाई। ऐसे में देशभक्ति के संदेश के साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठे। देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा शहर पूरी यात्रा के दौरान लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराया और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। यात्रा के जरिए नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।


