नरसिंहपुर में गणेश चतुर्थी पर घरों-पंडालों में बप्पा की स्थापना:श्रद्धालु परिवार संग प्रतिमाएं लेने पहुंचे, जनपद मैदान में सजीं सैकड़ों मूर्तियां

नरसिंहपुर में गणेश चतुर्थी पर घरों-पंडालों में बप्पा की स्थापना:श्रद्धालु परिवार संग प्रतिमाएं लेने पहुंचे, जनपद मैदान में सजीं सैकड़ों मूर्तियां

नरसिंहपुर में गणेश चतुर्थी के साथ सोमवार से जिलेभर में दस दिवसीय गणेश उत्सव शुरू हो गया। तीज और चतुर्थी एक साथ होने से श्रद्धालुओं ने सोमवार को ही घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की स्थापना की। बप्पा के स्वागत के लिए शहर के बाजारों में सुबह से ही उत्साह और रौनक दिखी। परिवार के साथ बाजार पहुंचे लोग अपनी पसंद की गणेश प्रतिमाएं ढूंढते दिखे। कहीं बच्चों की पसंद को महत्व दिया गया, तो कहीं परिवार के सदस्यों ने प्रतिमाओं के रंग, रूप और आकार पर बात कर एक मूर्ति चुनी। छोटे आकार की गणेश प्रतिमाएं लोगों की पहली पसंद रहीं। प्रतिमा पसंद आने पर श्रद्धालु उन्हें बाइक और दूसरे वाहनों से खुशी-खुशी अपने घर ले जाते दिखे। पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ जिला मुख्यालय के जनपद मैदान में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए अलग-अलग स्टॉल लगे हैं। यहां मूर्तिकारों ने सैकड़ों प्रकार की गणेश प्रतिमाएं बिक्री के लिए सजाई हैं। सुबह से ही इन स्टॉल पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। प्रतिमाओं के साथ भगवान गणेश के श्रृंगार और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ थी। लोगों ने मुकुट, कपड़े, माला समेत पूजा की दूसरी चीजें खरीदीं। सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों से जुड़े लोग भी मूर्तिकारों के पास पहुंचे और अपने पंडालों के लिए मूर्तियों को तैयार करवाकर ले गए। मूर्तिकारों के अनुसार सोमवार को अच्छी संख्या में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री हुई। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही जिले में अगले दस दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम और उत्सव का माहौल रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *