अलवर बार एसोसिएशन की ओर से बुधवार को कोर्ट परिसर में वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध-प्रदर्शन किया। भवानी तोप के पास बनाए गए नए कोर्ट भवन में एडवोकेट के लिए चैंबर और अन्य जरूरी सुविधाएं नहीं होने से वकीलों में नाराजगी है। वकीलों ने कहा- जब तक नए कोर्ट परिसर में उनके बैठने के लिए चैंबर की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे नए भवन में जाकर काम नहीं करेंगे। बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुधीर यादव ने बताया- वकीलों के चैंबर की मांग लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन नए कोर्ट भवन में अधिवक्ताओं के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा आमजन और वकीलों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी अधिवक्ताओं में नाराजगी है। कहा- चैंबर नहीं तो नए कोर्ट में नहीं करेंगे काम अलवर बार एसोसिएशन ने कहा- नए न्यायालय भवन में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर की व्यवस्था होने तक वकील वहां काम नहीं करेंगे। उनका कहना है कि बैठने की उचित व्यवस्था के बिना नए भवन में न्यायिक कार्य शुरू करना अधिवक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनेगा। 16 अगस्त को अमित शाह के विरोध की चेतावनी बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा- अगर वकीलों की मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया और नए कोर्ट परिसर में चैंबर की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर 16 अगस्त को अलवर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का विरोध भी किया जाएगा।


