द्वारका एक्सप्रेसवे के पास चलती कार बनी आग का गोला:ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और कूद कर बचाई जान, बॉर्डर पर दिल्ली की तरफ हुआ हादसा

द्वारका एक्सप्रेसवे के पास चलती कार बनी आग का गोला:ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और कूद कर बचाई जान, बॉर्डर पर दिल्ली की तरफ हुआ हादसा

गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 से द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ आने वाले मार्ग पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। यहां नजफगढ़ नाले वाली पुलिया के ऊपर आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी स्वाहा हो गई। गनीमत यह रही कि कार चालक ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते गाड़ी साइड में लगाई और तेजी से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह कार UER-2 से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी नजफगढ़ नाले वाली पुलिया पर पहुंची, तो उसके इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, धुएं ने विकराल आग का रूप ले लिया। चंद मिनट में जल गई पूरी कार चालक ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी का दरवाजा खोला और बाहर कूद गया। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस को दी। हालांकि हादसे के बाद ड्राइवर अपनी कार को वहीं पर छोड़कर चला गया और फायर टीम उनके बारे में राहगीरों से पूछते रहै। फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। वाहनों की जांच बेहद जरूरी
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों की समय-समय पर उचित जांच जरूर करवाएं। खासकर सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। गाड़ियों की वायरिंग, बैटरी पैक, फ्यूल या गैस पाइपलाइन और अन्य जरूरी हिस्सों की नियमित सर्विसिंग करानी चाहिए। किसी भी लोकल मैकेनिक से छेड़छाड़ या नकली पार्ट्स लगवाने से बचें, क्योंकि जरा सी लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *