बीकानेर से प्रसूता को हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार स्विफ्ट कार से अपने गांव मदासर लौट रहा था। रास्ते में सामने से आ रही कैंपर जीप ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी स्विफ्ट कार में जा भिड़ी, जिससे कार दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 2 दिन के नवजात समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रसूता सहित दो महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। हादसा शनिवार शाम करीब 7 बजे बज्जू थाना क्षेत्र में बीकमपुर मार्ग पर भड़ल गांव के पास हुआ। कार में परिवार के 6 लोग सवार थे। घायलों को बज्जू हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को बीकानेर रेफर किया गया। प्रसूता को हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने के बाद गांव लौट रहा था परिवार बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया – फलोदी जिले के मदासर गांव का परिवार बीकानेर हॉस्पिटल से प्रसूता को छुट्टी मिलने के बाद स्विफ्ट कार से अपने गांव लौट रहा था। कार में मनीष पुत्र शैलूराम सारण, उनकी बहन नवप्रसूता बाधु देवी, दो दिन का नवजात, वृद्ध मां ऐलची पत्नी शैलूराम, काका के बेटे रिछपाल पुत्र बुधराम और रिछपाल की पत्नी मंजू देवी सवार थे। सामने से कैंपर जीप ने मारी टक्कर, पीछे से स्कॉर्पियो भी भिड़ी बज्जू से करीब 30 किलोमीटर दूर बीकमपुर की ओर भड़ल गांव के पास स्विफ्ट कार की सामने से आ रही कैंपर जीप से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद स्विफ्ट कार के पीछे चल रही स्कॉर्पियो भी कार से जा भिड़ी। इस तरह स्विफ्ट कार आगे से कैंपर और पीछे से स्कॉर्पियो के बीच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। बज्जू हॉस्पिटल में एक की मौत, 4 को बीकानेर रेफर किया हादसे के बाद सभी घायलों को बज्जू उपजिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। यहां रिछपाल पुत्र बुधराम की मौत हो गई। वहीं नवजात, बाधु देवी, ऐलची देवी और मंजू देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर रेफर किया गया। हादसे के बाद देर रात तक इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। बीकानेर जाते समय नवजात और ऐलची देवी ने दम तोड़ा रेफर किए जाने के बाद नवजात और ऐलची देवी ने बीकानेर के रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों को वापस बज्जू लाया गया, जहां शवों को मॉर्च्युरी में रखा गया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम हॉस्पिटल पहुंची और घायलों को संभाला। गंभीर घायलों को रेफर करवाने के साथ मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए। FIR दर्ज, वाहनों को हटाकर जांच शुरू की बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया – पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। मनीष पुत्र शैलूराम की लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। मृतकों के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की खबर मदासर गांव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बेटी के पुत्र के जन्म और नवप्रसूता के घर लौटने की खुशियां मनाने की तैयारियां हो रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में हर कोई स्तब्ध है।

