दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत, 3 घायल

दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत, 3 घायल

आणंद. जिले में बोरसद रोड पर वांसखिलिया के पास रविवार देर रात दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए। हादसे में बोरसद के एक युवक और नापा वांटा गांव के दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नापा वांटा गांव में मस्जिद के पास राज फलिया में रहने वाला युवक तनवीरखान राणा रविवार देर शाम मित्र अरमान राणा को लेने के लिए एक अन्य मित्र समीर राणा के साथ बाइक से आणंद की चिखोदरा चौकड़ी पहुंचा। वहां से अरमान को बाइक पर बैठाकर तीनों युवक नापा वांटा गांव के लिए रवाना हुए।
रविवार रात करीब 9 बजे जब वे आणंद-बोरसद मार्ग पर वांसखिलिया के खाखरिया कुआं क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अन्य बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक पर सवार तीन-तीन युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में सभी छह लोगों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना होते ही वहां से गुजर रहे वाहन चालक रुक गए और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। समीर और अरमान को इलाज के लिए करमसद स्थित श्रीकृष्ण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं तनवीर, सामने वाली बाइक के चालक बोरसद निवासी अंसार बेलीम, बाइक सवार जुबेर काजी और अस्लमखान को तत्काल उपचार के लिए आणंद के जनरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अंसार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही नापा वांटा गांव तथा बोरसद के मृतकों के मित्र और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। आणंद के जनरल अस्पताल और करमसद के श्रीकृष्ण अस्पताल में भी बड़ी संख्या में परिजन और लोगों की भीड़ जमा हो गई। आणंद ग्रामीण पुलिस ने तनवीरखान की शिकायत के आधार पर सामने वाली बाइक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *