Bihar Politics: बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद निर्दलीय MLC बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भाजपा में शामिल होने पर राजद ने सवाल उठाए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राजद के उम्मीदवार इस मामले को लेकर न्यायालय जाएंगे। उन्होंने भाजपा पर जदयू को कमजोर करने की रणनीति अपनाने का आरोप भी लगाया।
Independent MLAs Join BJP: बिहार विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर शानदार जीत हासिल करने वाले दो नवनिर्वाचित सदस्यों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के फैसले ने बिहार में एक नया राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए डॉ. राहुल राज के BJP में शामिल होने के बाद मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सत्ताधारी गठबंधन पर निशाना साधा है। राजद ने इसे न केवल संविधान और जनादेश का उल्लंघन बताया है, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खिलाफ भाजपा की एक अंदरूनी साजिश भी करार दिया है।
जदयू को मिटाने की साजिश कर रही भाजपा – शक्ति यादव
RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि इन दो नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपनी जीत के तुरंत बाद विधान परिषद में औपचारिक शपथ लेने से पहले ही जल्दबाजी में BJP का दामन थाम लिया। शक्ति यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण से अब जदयू को भी अच्छी तरह समझ आ जाना चाहिए कि उनके उम्मीदवारों को हराने और पार्टी को राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए भाजपा ने पर्दे के पीछे से कितनी तगड़ी साजिश की थी।
शक्ति सिंह यादव ने आगे कहा कि जदयू अब अपनी ही राजनीतिक गलतियों का खामियाजा भुगत रही है, क्योंकि BJP अपने ही सहयोगी दल को धीरे-धीरे हाशिए पर धकेलने की रणनीति पर काम कर रही है।
दल-बदल विरोधी कानून का दिया हवाला
संविधान और दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों का जिक्र करते हुए RJD प्रवक्ता ने कहा कि नियम बिल्कुल स्पष्ट हैं कि सदन के भीतर कोई निर्दलीय प्रतिनिधि किसी राजनीतिक दल को बाहर से समर्थन तो दे सकता है, लेकिन वह औपचारिक रूप से किसी राजनीतिक दल का प्राथमिक सदस्य नहीं बन सकता।
शक्ति यादव ने कहा कि अगर कोई निर्दलीय सदस्य किसी पार्टी का पट्टा पहन लेता है और पार्टी की सदस्यता की रसीद ले लेता है, तो उसका निर्दलीय दर्जा अपने आप रद्द होने की श्रेणी में आ जाता है। उन्होंने कहा कि बंशीधर ब्रजवासीजी ने खुद कैमरे के सामने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि वे भाजपा में शामिल हो गए हैं, इसलिए इस मामले में किसी और सबूत की जरूरत नहीं है।
आपा खो बैठी है भाजपा
शक्ति यादव ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी सरकारी मशीनरी और सत्ता की ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा चुनाव में मात्र 2 सीटें ही जीत सकी, जबकि राजद ने भी अपने दम पर 2 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह गैरकानूनी तरीके से निर्दलीय जीते सदस्यों को अपनी झोली में बैठा लेने से भाजपा को जनता का खोया हुआ विश्वास वापस नहीं मिलेगा, बल्कि इससे यह पता चल रहा है कि भाजपा हताशा में अपने होश खो बैठी है और नियम कानून को ताक पर रख रही है।
कोर्ट जाने का किया ऐलान
शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राजद के उम्मीदवार इस असंवैधानिक और गैरकानूनी कदम के खिलाफ बहुत जल्द पटना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे, जहां इन दोनों सदस्यों और भाजपा नेतृत्व को विधिक रूप से जवाब देना पड़ेगा।

