Maharashtra Crime News: कभी दोस्त रहे दो युवकों के बीच ऐसा क्या हुआ कि एक की जान चली गई? महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 36 साल के देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की दिनदहाड़े हत्या के बाद पुलिस इसी सवाल का जवाब तलाश रही है। हत्या का आरोप 22 साल के पवन पराशर पर है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि दोनों अलग-अलग बार में बाउंसर का काम करते थे। पहले दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन बाद में रिश्ते बिगड़ गए। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ, जो मामला हत्या तक पहुंच गया।
पहले दोस्ती, फिर बढ़ने लगी दूरियां
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और बंटी पहले दोस्त थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच मुकाबला बढ़ने लगा था। इसी वजह से उनके रिश्तों में खटास आने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था, यह अभी साफ नहीं हुआ है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों के बीच काम को लेकर कोई झगड़ा था या फिर किसी दूसरी बात को लेकर दुश्मनी बढ़ी थी। फिलहाल आरोपी के बयान की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
कार से टक्कर मारकर गिराया, फिर रॉड से हमला
यह घटना गुरुवार को सिडको के एन-7 इलाके में मंगेश गैस एजेंसी के पास हुई। बंटी जिम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि पवन ने कार से उनका पीछा किया और पीछे से उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बंटी सड़क पर गिर गए और उनका वाहन करीब 150 फीट दूर जा गिरा।
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद पवन कार लेकर आगे निकल गया, लेकिन कुछ ही देर में यू-टर्न लेकर वापस आ गया। इसके बाद वह कार से उतरा और बंटी के सिर पर डंडे और लोहे की रॉड से कई वार किए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के लोग घबरा गए। लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बंटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उपायुक्त (जोन-2) रत्नाकर नवले समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, वारदात के बाद पवन खुद कार चलाकर सिडको पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही दोनों के पुराने संबंधों और उनके बीच हुए विवाद के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोस्ती टूटने के बाद बढ़ी दुश्मनी इस हत्या की वजह बनी या इसके पीछे कोई और कारण था। इसका जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।



(@CrowDhillon8)