देवी की पूजा करने वालों को नीति टेलर की खास नसीहत, कहा- महिलाओं का सम्मान भी उतना ही करें

देवी की पूजा करने वालों को नीति टेलर की खास नसीहत, कहा- महिलाओं का सम्मान भी उतना ही करें

Niti Taylor on Women Safety in Navratri: रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ चुकीं टीवी एक्ट्रेस नीति टेलर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके लिए नवरात्रि का मतलब क्या है। एक्ट्रेस ने बताया कि गुजराती होने के कारण, यह त्योहार हमेशा उनके दिल के करीब रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में नीति ने कहा, “गुजराती मूल की होने की वजह से, इन त्योहरों के साथ मेरा हमेशा से एक खास जुड़ाव रहा है। मेरे लिए, ये नौ दिन खुशी, सकारात्मकता, भक्ति, संगीत, डांस और अच्छी ऊर्जा से घिरे रहने के दिन होते हैं।” इसके आगे उन्होंने कहा, “मुझे बचपन में, त्योहार बहुत जादुई लगते थे क्योंकि हमें कोई चिंता नहीं होती थी। हम बस तैयार होना, डांस करना, खाना-पीना और मजे करना चाहते थे!”

उन्होंने बताया कि अब काम के कारण सभी नौ दिनों तक जश्न मनाना मुश्किल हो जाता है, लेकिन वो हमेशा कोशिश करती हैं कि वह इसे पूरी तरह से मिस न करें। नीति ने कहा, “मेरे अंदर की वह छोटी बच्ची आज भी नवरात्रि को लेकर उत्साहित हो जाती है। बस फर्क इतना है कि अब मुझे इसके लिए समय निकालना पड़ता है!”

नीति जब गरबा फ्लोर पर पहुंच जाती हैं, तो उन्हें रोकना मुश्किल है

आगे नीति ने बताया, “मुझे डांस करना बहुत पसंद है। मैं काफी अच्छे से डांस कर लेती हूं, और एक बार जब मुझे स्टेप्स और रिदम समझ आ जाती है, तो फिर मुझे कोई नहीं रोक सकता। हालांकि, अगर कोई अचानक बहुत मुश्किल स्टेप्स करने लगे, तो मैं पक्का अपने बगल वाले इंसान को देखने लगूंगी!” उनकी प्लेलिस्ट में ‘नगाड़ा संग ढोल’, ‘चोगाड़ा’ और ‘ढोलिडा’ जैसे गाने शामिल हैं। वह कहती हैं, “जब संगीत अच्छा हो, तो किसे परवाह है कि एक-दो स्टेप्स छूट गए? बस मजे करो!”

‘मुझे दुख होता है कि आज भी महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा करनी पड़ती है’

जश्न और उत्सवों के बीच एक्ट्रेस को एक बात की चिंता है। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत दुख होता है कि आज भी हमें महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा करनी पड़ रही है, खासकर ऐसा त्योहार, जो महिलाओं की ताकत और शक्ति का जश्न मनाता है। हर महिला को बाहर जाने, जश्न मनाने, नाचने, अपनी पसंद के कपड़े पहनने और सुरक्षित घर लौटने का हक है। यह कोई खास सुविधा नहीं, बल्कि एक सामान्य बात होनी चाहिए।” इसके साथ ही उन्होंने वेन्यू पर उचित सुरक्षा, निगरानी और प्रशिक्षित स्टाफ की मांग करते हुए कहा, “महिलाओं का सम्मान केवल देवी की पूजा के नौ दिनों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। यह एक ऐसी चीज है जिसे हमें हर दिन अपनाना चाहिए।”

नीति टेलर को किस चीज से मिलती है खुशी?

त्योहारी फैशन की बात करें तो, यह एक्ट्रेस पारंपरिक लुक के साथ थोड़ा मॉडर्न टच पसंद करती हैं। 31 वर्षीय टेलर कहती हैं, “तैयार होने में ही आधा मज़ा आ जाता है! मुझे रंग-बिरंगी चीजें, सुंदर गहने, मिरर वर्क और पारंपरिक कपड़े बहुत पसंद हैं। बस एक शानदार चनिया चोली, स्टेटमेंट इयररिंग्स और कुछ चूड़ियां मिल जाएं, तो मैं खुश हो जाती हूं।” वह पारंपरिक कपड़ों के साथ आराम का भी पूरा ध्यान रखती हैं, खासकर तब जब उन्हें घंटों तक डांस करना हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *