देवरिया में सुबह 8 बजे CHC पहुंचे DM:प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत ज्यादातर कर्मचारी गायब, एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश

देवरिया में सुबह 8 बजे CHC पहुंचे DM:प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत ज्यादातर कर्मचारी गायब, एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश

देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार सुबह करीब 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पथरदेवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत अधिकांश स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। MCP कार्ड में दर्ज जानकारी और जांच रिपोर्ट में अंतर निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एक महिला मरीज मिली। डीएम ने उसका एमसीपी (मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन) कार्ड देखा। कार्ड सही तरीके से भरा हुआ नहीं था। डीएम के निर्देश पर मौके पर ही महिला का हीमोग्लोबिन परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट में सामने आए हीमोग्लोबिन स्तर और MCP/SCB कार्ड में दर्ज जानकारी में काफी अंतर मिला। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही माना और संबंधित कर्मचारियों को रिकॉर्ड सही तरीके से अपडेट करने के निर्देश दिए। दवाओं के स्टॉक का पूरा विवरण नहीं दे सके फार्मासिस्ट डीएम ने फार्मासिस्ट से अस्पताल में उपलब्ध दवाओं और उनके स्टॉक की जानकारी मांगी। फार्मासिस्ट दवाओं और स्टॉक का पूरा विवरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और स्टॉक व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान दवाओं के लिए परेशान न होना पड़े। मरीजों को समय पर मिले इलाज और मूलभूत सुविधाएं डीएम ने सीएमओ को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा, पर्याप्त दवाएं, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। लापरवाही मिली तो होगी कठोर कार्रवाई जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएमओ को लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *