दिवाली से पहले मंडल की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत का काम प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा है। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पूरे मंडल में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई का कैलेंडर तैयार करेंगे। मंडलायुक्त शिविर कार्यालय में आयोजित मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट और यातायात नियमों के पालन की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्घटना संभावित स्थलों पर जरूरी सुधार कराए जाएं, ताकि हादसों को रोका जा सके। नवंबर के पहले सप्ताह में स्कूली वाहनों की जांच
पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने पुलिस और परिवहन विभाग को नवंबर के पहले सप्ताह में संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान स्कूली वाहनों की सघन जांच की जाएगी। जांच में इन बिंदुओं पर रहेगा फोकस:
वाहनों की फिटनेस और परमिट
जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता
सुरक्षा उपकरणों की स्थिति
वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यात्री बसों और एंबुलेंस की भी होगी जांच
दिवाली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री बसों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई तेज की जाएगी। इसके अलावा एंबुलेंस वाहनों की भी जांच होगी। इनमें खामियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्लैक स्पॉट पर सुधार के निर्देश
बैठक में मंडल के सभी ब्लैक स्पॉट यानी दुर्घटना संभावित स्थलों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने इन स्थानों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम और सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। साथ ही सभी जनपदों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से अभियान का कैलेंडर तैयार करेंगे। इसके तहत तय समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।

