इंदौर के एमजी रोड इलाके में एनआरआई महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। महिला एक दिन पहले दिल्ली से घूमने इंदौर आई थी। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की। आरोपी को मंगलवार शाम जेल भेज दिया गया। एसआई सचिन त्रिपाठी के मुताबिक, घटना 35 वर्षीय महिला के साथ हुई, जो दिल्ली में रहती है। महिला मूल रूप से जर्मनी की रहने वाली है। एक दिन पहले वह अपने साथी के साथ गांधी हॉल घूमने आई थी। इस दौरान वहां मौजूद चौकीदार दीपक निवासी सीहोर ने महिला और उसके साथी को देखकर कमेंट किए और अश्लील हरकत की। महिला के विरोध करने पर वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। हालांकि, महिला मामले में शिकायत नहीं करना चाहती थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर पीड़िता से बात की। महिला ने दीपक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने उसे मंगलवार को हिरासत में लिया और शाम को जेल भेज दिया।

