Satya Niketan Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा में अपना कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया। शाह गोवा में भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
बचाव कार्यों की जानकारी ली
जानकारी के अनुसार उद्घाटन समारोह के दौरान जैसे ही दिल्ली में इमारत गिरने और कई लोगों के मारे जाने की सूचना गृह मंत्री को मिली, उन्होंने कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत ढह गई, जिसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। हादसे में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि राहत एवं बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, सीएटीएस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर पास की इमारत को भी खाली करा लिया गया है और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
वहीं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर दुख जताया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं। मेरी अपील है कि एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुंचें, घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले, ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं।
फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, उन्हें दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों और अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान जारी है।

