प्रतापगढ़ जिले में बिजली विभाग के स्टोर से 13 ट्रांसफॉर्मरों का कॉपर वायर और तेल चोरी करने के मामले में सालमगढ़ पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के देवका गांव निवासी सूरज भील (28) के रूप में हुई है। पुलिस की टॉप-10 आरोपियों की सूची में शामिल सूरज फिलहाल चित्तौड़गढ़ जिले के बृजुंदा में रह रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात 8 अगस्त 2026 की रात दलोट स्थित सहायक अभियंता कार्यालय के भंडार में हुई थी। यहां रखे 13 ट्रांसफॉर्मरों से कॉपर वायर और तेल चोरी कर लिया गया था। मामले में सबलपुरा, बूंदी निवासी सीताराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद सालमगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए गए। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सूरज भील को गिरफ्तार कर लिया। कई जिलों में चोरी की वारदातें कबूलने का दावा पुलिस पूछताछ में आरोपी सूरज भील ने निंबाहेड़ा, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा सहित कई इलाकों में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देश पर हुई कार्रवाई यह कार्रवाई प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर की गई। बिजली विभाग के स्टोर से ट्रांसफॉर्मरों के कॉपर वायर और तेल चोरी करने के मामले में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सूरज भील की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य वारदातों से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

