दतिया के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में छात्रों की विभिन्न समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर मंगलवार को NSUI ने प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा। कॉलेज अध्यक्ष शिशुपाल बघेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में छात्रों ने पेयजल, स्वच्छता, लाइब्रेरी और नियमित कक्षाओं सहित कई मुद्दे उठाए। पेयजल और सफाई व्यवस्था का मुद्दा छात्रों ने कहा कि कॉलेज परिसर में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था नहीं है। वाटर कूलर की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती है। वॉशरूम की नियमित सफाई नहीं होने के साथ पूरे परिसर की सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग भी की गई। लाइब्रेरी में किताबें और नियमित कक्षाओं की मांग ज्ञापन में छात्रों ने विभिन्न कार्यों के नाम पर अतिरिक्त फीस वसूली पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही लाइब्रेरी में पर्याप्त पाठ्यक्रम आधारित किताबें उपलब्ध कराने और सभी विषयों की कक्षाएं समय सारणी के अनुसार नियमित संचालित कराने की मांग रखी। प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव की मांग छात्रों ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से दोबारा कराने की मांग भी की। NSUI अध्यक्ष शिशुपाल बघेल ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो संगठन छात्रहित में आगे भी आवाज उठाएगा। छात्रों ने प्राचार्य से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

