Vijay PM Candidate: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों दक्षिण के सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। TVK के नेताओं द्वारा सीएम विजय को आने वाले लोकसभा चुनाव 2029 के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताए जाने के बाद कांग्रेस ने इस पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि TVK के नेता अभी भी ‘फैन क्लब’ की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं।
पीएम बनने के लिए 272 सांसदों का समर्थन चाहिए- कांग्रेस
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने TVK के दावों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए संसद में 272 सांसदों का समर्थन जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि टीवीके एक ऐसी राजनीतिक पार्टी हैं जो सिर्फ एक बड़े मूवी स्टार के इर्द-गिर्द बनी है। ऐसे में वे अपने नेता के लिए कोई भी फैंटेसी, सपना या इच्छा रख सकते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग होती है।
‘फैन क्लब वाली सोच से बाहर आएं’- मणिकम टैगोर
तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख मणिकम टैगोर ने भी TVK पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी भी फैन क्लब वाली सोच में जी रहे हैं, उन्हें बदला नहीं जा सकता। टैगोर ने स्पष्ट किया कि देश के राजनीतिक हालात से सभी वाकिफ हैं और कांग्रेस लगातार केंद्र की नीतियों और भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने साफ किया कि विपक्षी गठबंधन की ओर से राहुल गांधी ही मुख्य चेहरा हैं।
TVK नेताओं ने विजय को बताया था ‘भावी पीएम’
इस बयानबाजी की शुरूआत तब हुई जब तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम. शरतकुमार और TVK के वरिष्ठ नेता आधव अर्जुन ने विजय की तारीफों के पुल बांधे। शरतकुमार ने दावा किया कि जो नेता लोगों के दिलों में और सेंट जॉर्ज फोर्ट में सीएम हैं, वही देश के अगले प्रधानमंत्री हैं। वहीं, आधव अर्जुन ने मांग रखी कि भविष्य में देश का प्रधानमंत्री किसी दक्षिणी राज्य, विशेषकर तमिलनाडु से होना चाहिए ताकि दिल्ली की सत्ता में उत्तर और दक्षिण का संतुलन बना रहें।
पोंगल पर मिलेगा बड़ा तोहफा
तमिलनाडु की राजनीति में महिलाओं को केंद्र में रखकर किए जा रहे कल्याणकारी ऐलानों के बीच मुख्यमंत्री विजय ने एक और बड़ा कदम सामने रखा है। विधानसभा में नियम 110 के तहत दिए गए बयान में उन्होंने कहा कि सरकार खाना पकाने वाले गैस सिलेंडरों की कीमत का बोझ कम करने के लिए नई व्यवस्था लागू करेगी।

