तुर्की (Turkey) में आतंकवाद और इससे जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत तुर्की के सुरक्षाबलों ने देशव्यापी अभियान चलाया है। इस देशव्यापी अभियान के तहत आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (Islamic State) के 83 संदिग्ध सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। देश के आंतरिक मंत्रालय ने इस बारे में आज जानकारी दी।
किस तरह चलाया गया अभियान?
तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने जानकारी दी कि सुरक्षाबलों के इस अभियान को प्रांतीय जेंडरमेरी कमांड ने जेंडरमेरी जनरल कमांड के आतंकवाद-रोधी विभाग और स्थानीय मुख्य सरकारी वकील के कार्यालयों के साथ मिलकर चलाया, जिसके तहत देशव्यापी कार्रवाई की गई। आतंकवाद के खिलाफ इस अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने 28 प्रांतों से इन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
किन आरोपों के चलते संदिग्धों को लिया गया हिरासत में?
तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि सुरक्षाबलों ने जिन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, उनके इस्लामिक स्टेट से कनेक्शन पाए गए हैं। ये लोग अलग-अलग संगठनों के ज़रिए इस्लामिक स्टेट की आर्थिक मदद कर रहे थे, सोशल मीडिया अकाउंट्स के ज़रिए आतंकी संगठन का प्रोपेगैंडा फैला रहे थे और अन्य लोगों को भी इसका हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहे थे।
पहचान नहीं की गई उजागर
तुर्की में हिरासत में लिए गए इस्लामिक स्टेट से कनेक्शन रखने वाले इन संदिग्धों की पहचान उजागर नहीं की गई है। न ही इन लोगों के खिलाफ औपचारिक तौर पर मामला दर्ज किए जाने के बारे में कोई जानकारी दी गई है।
कार्रवाई रहेगी जारी
देश के आंतरिक मंत्रालय मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट की गतिविधियों और आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ तुर्की में कार्रवाई जारी रहेगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि तुर्की ने 2013 में इस्लामिक स्टेट को आतंकी संगठन घोषित किया था और तब से अब तक उसे इस ग्रुप से जुड़े या उसके द्वारा किए गए हमलों का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस्लामिक स्टेट का तुर्की में क्षेत्रीय नियंत्रण खत्म हो चुका है, लेकिन छोटे सेल, प्रचार और फंडिंग नेटवर्क अभी भी सक्रिय हैं और ऐसे में खतरा खत्म नहीं हुआ है। इन्हें रोकने के लिए तुर्की के सुरक्षाबल नियमित रूप से कार्रवाई करते हैं जिससे बड़े हमलों को रोका जा सके।

