Mayawati BJP Attack: संत गुरु रविदास जी के गुरुघर को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने दिल्ली के तुगलकाबाद में 2019 में हुई गुरुघर पर बुलडोजर कार्रवाई और उसके विरोध में हुई गिरफ्तारियों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने पंजाब में भाजपा की ओर से निकाली जा रही समरसता कलश यात्रा को लेकर सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि इसके जरिए समाज को बेगमपुरा के लक्ष्य से भटकाने की कोशिश की जा रही है। मायावती ने समाज से भाजपा और आम आदमी पार्टी की राजनीति से सतर्क रहने की अपील भी की है।
गुरुघर की जमीन छीनी, गिरफ्तारियां हुईं
मायावती ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि 10 अगस्त 2019 को दिल्ली के तुगलकाबाद में संत गुरु रविदास जी के पवित्र गुरुघर को बुलडोजर और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में देशभर की संगत जब लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरी तो उसे लाठीचार्ज, आंसू गैस, गिरफ्तारियों और मुकदमों का सामना करना पड़ा। मायावती के मुताबिक, काफी लोगों को जेल भी जाना पड़ा।
चुनाव नजदीक आते ही BJP कलश यात्रा शुरू कर देती है
मायावती ने कहा कि गुरुघर की भूमि भी छीन ली गई और आज भी संगत को लोहे के अस्थायी टीन शेड में गुरुजी को माथा टेकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा मामला बताया। मायावती ने कहा कि अब पंजाब चुनाव नजदीक आते ही वही भाजपा संत गुरु रविदास जी के नाम पर कलश यात्रा निकालकर गुरुजी के बेगमपुर शहर के लक्ष्य से समाज को भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पंजाब के धलेता गांव में गुरुघर की दीवार गिराए जाने का भी जिक्र किया।
जानिए क्यों गिराया गया था गुरुघर
तुगलकाबाद में संत रविदास मंदिर गिराए जाने के पीछे जमीन और कानूनी विवाद मुख्य वजह थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने 10 अगस्त 2019 को मंदिर को गिराया था। मंदिर जिस परिसर में बना था, वह डीडीए की जमीन से जुड़ा था और वहां निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
डीडीए की कार्रवाई में मंदिर के साथ परिसर की अन्य संरचनाएं भी हटा दी गईं। इसके बाद संत रविदास के अनुयायियों में नाराजगी फैल गई और इसके विरोध में प्रदर्शन हुए।
BJP की कलश यात्रा पर सवाल
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा ने मूंढापांडे में समरसता कलश यात्रा निकाली। कुंदरकी विधायक ठाकुर रामबीर सिंह इसमें शामिल हुए। उन्होंने सिर पर कलश रखकर यात्रा में भाग लिया और सामाजिक समरसता तथा भाईचारे का संदेश दिया। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।


