टोडारायसिंह. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा शहर मंडल की ओर से गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कौमुदी सरोवर स्थित बस स्टैंड से सुबह 10 बजे जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के सानिध्य में यात्रा रवाना हुई। हाथों में तिरंगा थामे भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं शहरवासियों ने देशभक्ति के नारों के साथ शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री संत कुमार जैन, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष भारत लाल सैनी, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर, शहर अध्यक्ष सुनील भारत, कृषि मंडी अध्यक्ष महावीर धाकड़, देहात अध्यक्ष राजेश मीणा, हंसराज गुर्जर, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं शहरवासी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा चुंगी नाका, मुख्य बाजार होते हुए एसबीआई बैंक पहुंची। इसके बाद सामुदायिक भवन पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। देशभक्ति गीतों और नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को स्मरण करना और लोगों में राष्ट्रभावना जागृत करना है। प्रत्येक व्यक्ति का सबसे बड़ा राष्ट्रीय धर्म देश के प्रति समर्पित रहना है।


