भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बसे सीमावर्ती गांव राजोके में पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त टीम ने चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एक घर से अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। संयुक्त टीम ने मौके से एक 30 बोर की जिगना पिस्तौल, मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस और 2 खाली खोल बरामद किए हैं। थाना खालड़ा के सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) शिंगारा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब पुलिस और बीएसएफ की 115वीं बटालियन को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती गांव में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने तुरंत गांव राजोके में छापेमारी की। पशुओं वाले कमरे में छिपाकर रखी गई थी विदेशी पिस्तौल सुरक्षा बलों ने आरोपी दलेर सिंह (पुत्र बलदेव सिंह) के घर और अहाते में गहनता से तलाशी ली। चेकिंग के दौरान उसके पशुओं वाले कमरे में छिपाकर रखी गई 30 बोर की जिगना (Jigana) पिस्तौल, 1 मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस और 2 चले हुए खाली खोल बरामद किए गए। पुलिस ने पूरी खेप को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी हथियार रिकवरी के बाद थाना खालड़ा में आरोपी दलेर सिंह के खिलाफ मामला नंबर 289, आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी फिलहाल पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। सीमा पार पाकिस्तान से कनेक्शन खंगाल रही पुलिस चूंकि गांव राजोके अंतरराष्ट्रीय सीमा के बिल्कुल करीब स्थित है, इसलिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि यह हथियार पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन या तस्करों के जरिए खेतों तक पहुंचा था या इसके पीछे कोई स्थानीय गैंग का हाथ है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।

