तमिलनाडु में TVK सरकार के 100 दिन पूरे, सीएम विजय ने दिया कामकाज का पूरा हिसाब

तमिलनाडु में TVK सरकार के 100 दिन पूरे, सीएम विजय ने दिया कामकाज का पूरा हिसाब

तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार के सत्ता में आने के ठीक 100 दिन पूरे हो गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब पेश किया।

उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की अंतरात्मा बनकर काम कर रही है। पिछले 100 दिनों में पारदर्शी शासन, कल्याण योजनाओं, रोजगार व गांवों के विकास पर जोर दिया गया है।

शराब की कई दुकानें बंद

सीएम विजय ने बताया कि सबसे बड़ी बात यह रही कि राज्य ने शराब की बिक्री पर लगाम कसने के लिए 717 सरकारी शराब की दुकानें बंद कर दीं। यह फैसला चरणबद्ध तरीके से शराब की खपत कम करने की नीति का हिस्सा है। साथ ही नशीले पदार्थों के खिलाफ मुहिम तेज करने के लिए 65 खास टास्क फोर्स बनाई गई हैं।

निवेश पर भी सरकार का फोकस

सीएम ने बताया कि निवेश के मोर्चे पर तमिलनाडु इन्वेस्टर्स समिट 2026 में एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश के वादे मिले। इससे राज्य में नई नौकरियां और उद्योग आने की उम्मीद जगी है।

ग्रामीण इलाकों को मजबूत करने के लिए टीएन-वेत्री योजना के तहत हर साल 6,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे साफ-सफाई, पीने का पानी और सड़कों की हालत सुधरेगी।

किसानों को भी राहत

सीएम ने बताया कि किसानों के लिए खास इनाम की घोषणा हुई। गन्ने पर 4,000 रुपये प्रति टन और धान पर 2,750 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य मिलेगा।

उन्होंने बताया कि करीब 6,000 करोड़ रुपये के फसल कर्ज माफ किए गए। महिलाओं के लिए वेत्री बकरी पालन योजना भी शुरू की गई है जिससे गांव की महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ा सकें।

रोजगार को लेकर बड़ी घोषणा

रोजगार के क्षेत्र में विजय स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के जरिए 12 लाख छात्रों और एक लाख युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। विजयम 150 योजना के तहत 150 दिनों का रोजगार गारंटी दी गई है।

विवाह सहायता योजना में पात्र लोगों को तीन ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी मिलेगी। इसके लिए 812 करोड़ रुपये रखे गए हैं। सोने की सहायता योजना के लिए 560 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

आवास को लेकर नई हाउसिंग स्किम की घोषणा

आवास के लिए वेत्री हाउसिंग स्कीम में 3,500 करोड़ रुपये दिए गए। साथ ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा हुई। पेरुनथलाइवर कामराज नाश्ता योजना बढ़ाने के लिए 710 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।

वेत्री लैपटॉप योजना में 2,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के 11वीं कक्षा के छात्रों को हेलमेट और पानी की बोतल के साथ आधुनिक साइकिलें दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *