तमिलनाडु में लगे ‘Tomorrow’s PM’ वाले पोस्टर, विजय को PM बनाने की चर्चा पर गरमाई सियासत; कांग्रेस बोली- पहले 272 सीटों का हिसाब देखिए

तमिलनाडु में लगे ‘Tomorrow’s PM’ वाले पोस्टर, विजय को PM बनाने की चर्चा पर गरमाई सियासत; कांग्रेस बोली- पहले 272 सीटों का हिसाब देखिए

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने विजय को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। तूतीकोरिन में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेता सुधाकर ने कुछ ऐसे पोस्टर लगवाए हैं, जिनमें विजय को ‘Tomorrow’s PM’ यानी ‘भविष्य का प्रधानमंत्री’ बताया गया है। पोस्टर सामने आते ही विजय की राजनीति को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

सवाल यह उठ रहा है कि क्या विजय और उनकी पार्टी अब सिर्फ तमिलनाडु की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहते? क्या उनकी नजर आने वाले समय में दिल्ली की सत्ता पर भी है?

विजय को लेकर पहले भी उठ चुकी है PM की बात

विजय को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताए जाने की चर्चा अचानक शुरू नहीं हुई है। हाल ही में तमिलनाडु के खेल मंत्री आधव अर्जुन ने भी कहा था कि देश को भविष्य में दक्षिण भारत से भी प्रधानमंत्री मिलना चाहिए। उनके बयान के बाद विजय का नाम इस चर्चा से जुड़ गया।

परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए अर्जुन ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री चुनने का फैसला सिर्फ कुछ उत्तरी राज्यों के हाथ में नहीं होना चाहिए। उनका तर्क था कि अगर लोकसभा में दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर हुआ तो संसद में उनकी आवाज भी कमजोर पड़ सकती है। अर्जुन ने तमिलनाडु के सभी 39 सांसदों से परिसीमन के मुद्दे पर एकजुट रहने की अपील भी की।

TVK नेता बोले- विजय सिर्फ तमिलनाडु तक नहीं रुकेंगे

विजय की पार्टी के कई नेता अब उन्हें राष्ट्रीय राजनीति से जोड़कर बयान दे रहे हैं। TVK के वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टैयन ने कहा कि विजय को लेकर उत्तर भारत में भी लोगों की उम्मीदें हैं। उन्होंने विजय की तुलना तमिलनाडु के बड़े नेताओं एमजीआर और जयललिता से करते हुए कहा कि विजय भविष्य में देश की कमान संभाल सकते हैं।

वहीं मंत्री डी. सरथकुमार ने विजय को सीधे ‘अगला प्रधानमंत्री’ बता दिया। पार्टी के एक अन्य नेता ने यहां तक कहा कि आने वाले समय में विजय लाल किले से देश का झंडा फहरा सकते हैं। इन बयानों के बाद विजय को लेकर चल रही PM वाली चर्चा और तेज हो गई है।

कांग्रेस ने कसा तंज- पहले 272 का आंकड़ा देखिए

विजय को प्रधानमंत्री बनाने की बात कांग्रेस नेताओं को पसंद नहीं आई। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिक्कम टैगोर ने TVK नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे अभी भी ‘फैन क्लब’ वाली मानसिकता से राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि किसी नेता के समर्थक अपने नेता को प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख सकते हैं, लेकिन देश की राजनीति सिर्फ सपनों से नहीं चलती। लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों का समर्थन जरूरी है।

कांग्रेस सांसद पी. जोथिमणि ने भी TVK नेताओं को विजय को PM बनाने की चर्चा के बजाय तमिलनाडु की सरकार और जनता के मुद्दों पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने यह भी साफ किया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी का नाम ही आगे है।

फिलहाल विजय को लेकर लगे ‘Tomorrow’s PM’ पोस्टरों ने तमिलनाडु की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है। अब देखना होगा कि यह सिर्फ समर्थकों का उत्साह है या विजय की पार्टी सच में 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा कदम रखने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *