Toxic Box Office Release Fans Video: कन्नड़ सुपरस्टार यश के फैंस का सालों लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। कई बार रिलीज डेट टलने के बाद पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ बुधवार, 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यश की चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी हुई है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। लोग थिएटर के बाहर डांस कर रहे हैं।
यश की फिल्म को लेकर फैंस में दिखा उत्साह
फिल्म टॉक्सिक रिलीज के मौके पर बेंगलुरु के ऐतिहासिक केम्पेगौड़ा रोड पर स्थित नार्थकी थिएटर का नजारा देखने में किसी बड़े त्योहार से कम नहीं लग रहा था। तड़के से ही सैकड़ों की संख्या में उत्साही फैंस थिएटर के बाहर जमा होने लगे थे। यश के कट-आउट्स को दूध से नहलाया गया, मालाएं पहनाई गईं और ढोल की थाप पर फैंस झूमते नजर आए। पूरे थिएटर परिसर में आतिशबाजी की गई और फैंस की नारेबाजी से माहौल गूंज उठा।
गीतु मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म को लेकर ‘केजीएफ’ फ्रेंचाइजी की अपार सफलता के बाद से ही काफी उत्सुकता थी। यह फिल्म कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु और अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में भारत भर में रिलीज की गई है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसी नामचीन अभिनेत्रियों की लंबी फौज शामिल है।
फिल्म में महिलाओं के चित्रण पर यश की सफाई
हाल ही में हैदराबाद में आयोजित प्री-रिलीज इवेंट के दौरान ट्रेलर में महिलाओं के चित्रण को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए यश ने फिल्म का बचाव किया था। यश ने साफ किया था कि ट्रेलर केवल एक छोटी सी झलक है और यह फिल्म के असली पहलू को नहीं दिखाता।
यश ने कहा था, “इस फिल्म में महिलाओं की एक सशक्त और मजबूत आवाज है, जो ट्रेलर में दिखाई गई बातों से बिल्कुल अलग है। मैं सभी महिलाओं और लड़कियों से आग्रह करता हूं कि वह थिएटर जाकर फिल्म देखें, उन्हें यह फिल्म बेहद पसंद आएगी और यह एक अद्भुत अनुभव साबित होगा।”
कई बार टली रिलीज डेट, अब मिला सिनेमाघरों में ठिकाना
‘टॉक्सिक’ का सफर सिनेमाघरों तक पहुंचने में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहले फिल्म को 10 अप्रैल, 2025 को रिलीज किया जाना था, लेकिन कई कारणों से इसकी तारीखें टलती गईं। इसके बाद 19 मार्च, 2026 की डेट तय हुई, जहां इसका मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होना था, मगर मध्य पूर्व के संकट के कारण इसे फिर टालना पड़ा। इसके बाद 4 जून, 2026 की योजना बनाई गई, जिसे बेहतर इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए आगे बढ़ाया गया। आखिरकार, सभी अड़चनों को पार करते हुए फिल्म 26 अगस्त, 2026 को दर्शकों के सामने आ ही गई है।

