डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, ‘सभी बारूदी सुरंगे हटा दी गई, होर्मुज में नई बारूदी सुरंगें बिछाईं तो जहाज तुरंत तबाह कर देंगे’

डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, ‘सभी बारूदी सुरंगे हटा दी गई, होर्मुज में नई बारूदी सुरंगें बिछाईं तो जहाज तुरंत तबाह कर देंगे’

Donald Trump Iran Warning: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मौजूद सभी बारूदी सुरंगों को हटा दिया गया है या उन्हें विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी अमेरिकी नौसेना से मिली है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान को चेतावनी दी कि अगर किसी जहाज या नाव ने होर्मुज में नई बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश की तो उसे तुरंत और व्यवस्थित तरीके से नष्ट कर दिया जाएगा। ट्रंप ने यह दावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में किया। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है।

ईरान को ट्रंप की सीधी चेतावनी

ट्रंप ने कहा कि ईरान को पहले ही सूचित कर दिया गया है कि नई बारूदी सुरंगें बिछाने वाले किसी भी जहाज या नाव को अमेरिकी सेना तत्काल निशाना बनाएगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के हर हिस्से पर अमेरिका की नजर है और समुद्री मार्ग में किसी भी तरह की नई माइन बिछाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव बढ़ने पर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल आपूर्ति पर असर पड़ सकता है।

ईरान के परमाणु ठिकानों पर भी नजर

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना होर्मुज के अलावा ईरान के परमाणु ठिकानों पर भी लगातार नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ‘स्पेस फोर्स’ के जरिए होर्मुज के हर हिस्से और पिकैक्स माउंटेन पर नजर रख रहा है। पिकैक्स माउंटेन को आधिकारिक तौर पर कुह-ए कोलांग गाज ला के नाम से जाना जाता है। यह ईरान के नतांज परमाणु परिसर के पास पहाड़ के भीतर बनाया जा रहा एक परमाणु जगह है।

ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर भी नजर

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना उन तीन ईरानी परमाणु ठिकानों पर भी नजर रख रही है, जिन्हें अमेरिका ने पहले निशाना बनाया था। उन्होंने दोहराया कि बारूदी सुरंगें बिछाने के मामले में अमेरिका की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पूरी तरह लागू है। ट्रंप की इस चेतावनी से होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *