डॉक्टर से 4 लाख वसूले, थानेदार ने जान दी:बस्ती की ब्लैमेलर महिला ने प्रेमी को भी नहीं छोड़ा; मां बोली- बेटी को सजा मिले

डॉक्टर से 4 लाख वसूले, थानेदार ने जान दी:बस्ती की ब्लैमेलर महिला ने प्रेमी को भी नहीं छोड़ा; मां बोली- बेटी को सजा मिले

“बेटी दोषी है तो उसे सजा मिले, लेकिन मेरे पति निर्दोष हैं। जो वकील है, उसी ने प्रियंका से सब कुछ कराया। हम बस यही चाहते हैं कि हमारे पति को छुड़वा दीजिए…” ये शब्द हैं प्रियंका चौधरी की मां सुभावती चौधरी के। उनकी बेटी पर ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप हैं। बस्ती में तैनात थानेदार सूर्य प्रकाश सिंह ने इसी ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 29 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रियंका पर इससे पहले भी कई लोगों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाने और उनसे पैसे वसूलने के आरोप हैं। एक डॉक्टर ने तो यहां तक बताया कि वह इस पूरे मामले से इतना परेशान हो गया था कि उसे अपनी जिंदगी खत्म करने के खयाल आने लगे थे। पुलिस ने प्रियंका, उसके पति और एक वकील को गिरफ्तार किया है। आखिर प्रियंका के घर वाले क्या कहते हैं? जिन लोगों ने उस पर आरोप लगाए, उनकी कहानी क्या है? और इस पूरे मामले की शुरुआत कहां से हुई? दैनिक भास्कर टीम जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर प्रियंका के घर पहुंची। परिवार से बात की, उसके कथित पीड़ितों से मुलाकात की और पूरे मामले की पड़ताल की। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट… पहले मामला समझिए… वाल्टरगंज थाने में तैनात 56 साल के थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने 29 अगस्त को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जान दे दी थी। सरकारी आवास में उनका शव फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने जांच बढ़ाई तो तीन मुख्य आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस अब गिरोह के संपर्क में आए अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। प्रियंका को उसके पति ने 9 साल पहले छोड़ा था वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गांधार गांव में हम प्रियंका (32) के घर पहुंचे। यहां प्रियंका की मां सुभावती चौधरी, उसके बाबा संपत चौधरी और प्रियंका के दोनों बच्चे मिले। सुभावती ने बताया, मेरी दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी अपनी ससुराल में है। बेटा लखनऊ में नौकरी करता है। प्रियंका की शादी 15 साल पहले पैकोलिया मुस्लिम गांव के रहने वाले महेंद्र प्रताप वर्मा के साथ की थी। दोनों से एक बेटा और एक बेटी हैं। 14 साल का बड़ा बेटा हाईस्कूल में पढ़ता है। 13 साल की लड़की 8वीं में पढ़ती है। 9 साल पहले महेंद्र ने प्रियंका को छोड़ दिया था। इसके बाद प्रियंका बच्चों को लेकर हमारे पास आकर रहने लगी। उसने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की शिकायत वाल्टरगंज थाने में की थी। खेत बेचकर खरीदी थी बोलेरो सुभावती ने बताया कि हमारी ननद के कोई संतान नहीं थी। वह हमारे साथ ही रहती थीं। उनकी मौत के बाद उनके जो खेत थे, वो हमें मिल गए। इन खेतों को बेचकर 2024 में एक बोलेरो गाड़ी खरीद ली थी। गाड़ी को चलाने के लिए पड़ोस के गांव जमदाशाही को रहने वाले अहमद रजा को रख लिया था। अवैध संबंधों का पता चलने पर घर वालों ने निकाला कुछ ही समय के बाद प्रियंका और अहमद के बीच अफेयर हो गया। हम लोगों को जब इनके अवैध संबंधों का पता चला तो हमने प्रियंका को घर से निकाल दिया। दोनों बच्चों को अपने पास ही रख लिया। प्रियंका किराए पर कमरा लेकर अहमद के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगी। जिस घर में प्रियंका और अहमद किराए पर रह रहे थे, वह एक डॉक्टर का था। मां का कहना है कि एक वकील के जरिए प्रियंका थानेदार सूर्य प्रकाश सिंह से बातचीत करती थी। हमने तो उससे मतलब रखना ही छोड़ दिया था। हमारे पति का नाम गलत जोड़ा गया है। उनका कोई दोष नहीं है। हम लोग प्रियंका की कोई मदद नहीं कर रहे थे। हमारे पति को छोड़ दिया जाए, वो निर्दोष हैं। प्रियंका अगर दोषी है तो उसे सजा मिले। लिव-इन में रहते हुए डॉक्टर को फंसाया प्रियंका और अमजद जिस डॉक्टर के घर किराए पर रहते थे, उन्हें भी अपना शिकार बनाया था। डॉक्टर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने अपने घर का एक कमरा अहमद और प्रियंका को 2 हजार रुपए महीने के किराए पर दिया था। शुरुआत में दोनों कुछ महीने ठीक से रहे, लेकिन बाद में उनके बीच विवाद होने लगा। डॉक्टर के मुताबिक, इसी दौरान प्रियंका ने बातचीत के बहाने उनके कुछ फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वह उन्हें ब्लैकमेल करने लगी। बदनामी के डर से डॉक्टर 4-5 हजार रुपए देकर मामला शांत करते थे। उनका कहना है कि उस समय प्रियंका ने इस बारे में अहमद को नहीं बताया था। कुछ समय बाद अहमद को पूरे मामले की जानकारी हो गई। इसे लेकर दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। डॉक्टर के मुताबिक, इसके बाद प्रियंका ने अमजद से झूठ कहा कि डॉक्टर ने उसके साथ जबरदस्ती की है। इसके बाद दोनों ने मिलकर उनसे कथित तौर पर 4 लाख रुपए से ज्यादा की रकम वसूल ली। डॉक्टर ने बताया कि वह प्रियंका की कथित ब्लैकमेलिंग से इतना परेशान हो गए थे कि उन्होंने अपनी जान देने तक का विचार किया। हालत यह हो गई थी कि बिना नींद की दवा लिए उन्हें नींद नहीं आती थी। डॉक्टर के मुताबिक, उन्होंने खेत बेचकर भी प्रियंका को पैसे दिए थे। जिसके साथ लिव-इन में रही, उसी को जेल भिजवाया प्रियंका इतनी शातिर है कि उसने अहमद के खिलाफ भी वाल्टरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में अहमद करीब ढाई महीने जेल में रहा। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। हमने अहमद के पिता अब्दुल नईम से बात की। उन्होंने बताया कि प्रियंका सबके सामने कहती थी कि उसने अहमद से शादी की है। बाद में उसी ने अहमद के खिलाफ केस दर्ज करा दिया और उसे जेल भिजवा दिया। अब्दुल नईम का आरोप है कि प्रियंका ने उनके बेटे से 5 लाख रुपए से ज्यादा की रकम भी ली थी। अब्दुल नईम के मुताबिक, अहमद को धीरे-धीरे शक होने लगा था कि प्रियंका किसी दिन उसे भी किसी मामले में फंसा सकती है। इसी वजह से वह उससे दूरी बनाने लगा था। जब प्रियंका को लगा कि अहमद उससे रिश्ता खत्म करना चाहता है, तो उसने 29 मार्च 2025 को थाने में शिकायत कर दी। मामले में लव जिहाद का मुद्दा सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के लोगों ने भी विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रियंका ने अहमद पर लगाए थे गंभीर आरोप प्रियंका ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि अहमद रजा उसके घर पर ड्राइवर था। उसके मुताबिक, अहमद ने चाकू की नोक पर उसके साथ रेप किया। जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो अहमद ने शादी का झांसा दिया। प्रियंका का कहना था कि परिवार वालों ने शादी से मना किया, तो अहमद उसे शादी का भरोसा देकर घर से भगा ले गया। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे, लेकिन अहमद लगातार शादी की बात टालता रहा। उसने आरोप लगाया कि एक दिन अहमद रजा के मां-बाप भी वहां आए। उसने आरोप लगाया कि उन्होंने उसे नमाज पढ़ने और गोमांस खाने के लिए कहा। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। प्रियंका के मुताबिक, इस दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन अहमद ने उसका अबॉर्शन करवा दिया। शिकायत के आधार पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने अहमद रजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब पढ़िए थानेदार के संपर्क में कैसे आई… वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के भीलमपुर छपरा गांव के रहने वाले थे। वह 4 साल बाद रिटायर होने वाले थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा संदीप (30) और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। सूर्य प्रकाश सिंह सिद्धार्थनगर से ट्रांसफर होकर बस्ती आए थे। पहले यहां पुलिस लाइन में उन्हें तैनाती मिली थी। पत्नी और बेटा-बेटी के साथ रहते थे 18 अप्रैल, 2026 को उन्हें वाल्टरगंज थाने का इंचार्ज बनाया गया था। यहां थाने पर ही उन्हें सरकारी आवास मिला था। यहां वह पत्नी, बेटे और छोटी बेटी के साथ रह रहे थे। एक सरकारी आवास उन्होंने शहर में भी अलॉट करा रखा था। छुट्‌टी होने पर अक्सर वो यहीं जाकर रुकते थे। कुछ महीनों में ही थानेदार से दोस्ती, फिर रिलेशन में आई प्रियंका ने वाल्टरगंज थाने में अपने पति और प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसी सिलसिले में सूर्य प्रकाश सिंह के पास आई थी। धीरे-धीरे प्रियंका और सूर्य प्रकाश सिंह की आपस में अच्छी दोस्ती हो गई। पहले दोनों मिलने लगे और फिर रिलेशन में आ गए। इसके बाद प्रियंका ने सूर्य प्रकाश सिंह को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 1 करोड़ रुपये की डिमांड पर परेशान हुए घटना वाले दिन (29 अगस्त) दोपहर 1:41 बजे प्रियंका के वकील विजय प्रकाश की थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह से फोन पर बात हुई थी। उसने 1 करोड़ रुपए की डिमांड की थी। सूर्य प्रकाश सिंह इतना पैसा अरेंज नहीं कर पा रहे थे। इसीलिए रुपए देने से पहले उन्होंने सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले लगाया था वाट्सएप पर स्टेटस थानेदार ने सुसाइड से पहले वॉट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया था। इसमें लिखा था- धन-संपदा भी आवश्यक है, परंतु शांति और प्रेम से बढ़कर कुछ भी नहीं है। वहीं, थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह के बेटे संदीप सिंह का कहना है आरोपियों को कड़ी सजा मिले। डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया प्रियंका मुंबई में ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटरों में काम करती थी। वह पैसे वाले लोगों को अपने प्यार के जाल में फंसाती थी। इसके बाद उनके वीडियो और ऑडियो बना लेती थी। फिर वॉट्सऐप, वीडियो कॉल और चैटिंग के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर रुपए की मांगती थी। उसका पिता और एक वकील भी उसका साथ देते थे। इनका नेटवर्क तलाशा जा रहा है। ————— यह खबर भी पढ़ें… अवैध संबंध में ब्लैकमेल होने पर थानेदार ने जान दी:बस्ती में महिला ने एक करोड़ मांगे; कहती थी- हाथ की नस काट लूंगी बस्ती में 56 साल के थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सुसाइड किया था। पुलिस ने रविवार दोपहर आरोपी महिला, उसके पिता और वकील को गिरफ्तार किया है। महिला लोगों को प्रेम जाल में फंसाती थी। उन्हें वीडियो कॉल करती थी। चैटिंग में अश्लील बातें करती थी। फिर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठती थी। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *