हाथरस में DM सत्य प्रकाश पटेल ने आज सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का औचक निरीक्षण किया। उन्हें अस्पताल में कुछ डॉक्टर और कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम ने सभी को समय पर मौजूद रहने और मरीजों को सेवाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा गैरहाजिरी पर कार्रवाई होगी। स्टोर रूम में दवाएं पर्याप्त मिलीं, लेकिन साफ-सफाई ठीक न होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और इसे सुधारने को कहा। इसके बाद, जिलाधिकारी ने नगर पंचायत सादाबाद के शहरी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई कराने और कूड़ा तुरंत उठवाने के निर्देश दिए। दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने को कहा… डीएम ने दुकानदारों से दुकानों के बाहर से कब्जा हटाने को कहा, जिससे यातायात प्रभावित न हो। भविष्य में सड़क पर कब्जा मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। स्कूल का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से की बातचीत… जिलाधिकारी ने मुरसान के संविलियन विद्यालय पटाखास का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों को अच्छी शिक्षा देने और उनके विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से बात की और उनके काम की सराहना की।

