डकैती के बाद शराब पार्टी करते बदमाशों को दबोचा:1.18 करोड़ से चांदी के जेवर खरीदे, 97 लाख कैश और लूटी गई कार बरामद

डकैती के बाद शराब पार्टी करते बदमाशों को दबोचा:1.18 करोड़ से चांदी के जेवर खरीदे, 97 लाख कैश और लूटी गई कार बरामद

बांसवाड़ा के आबापुरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-927ए स्थित गेमन पुल पर 17 सितंबर को हुई 1.18 करोड़ रुपए की डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को 24 सितंबर को शराब पार्टी करते समय पकड़ा। पूछताछ और निशानदेही के बाद 97.12 लाख रुपए नकद, लूटी गई एस-क्रॉस कार, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबरी स्विफ्ट कार और डकैती के पैसों से खरीदे गए चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। ऐसे हुई थी 1.18 करोड़ की डकैती पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया – मोहन अमरेंग डिंडोर निवासी ठिकरिया ने आबापुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि वह विवेक जैन के यहां ड्राइवर और मुनीम का काम करते हैं। 17 सितंबर 2026 को वह अपने साथी मुकेश पिता विठला मईड़ा के साथ एस-क्रॉस कार से दो पार्सलों में रखी नकदी लेकर बांसवाड़ा आ रहे थे। रात करीब 10:05 बजे जैसे ही उनकी कार गेमन पुल पर पहुंची, सामने एक ट्रैक्टर आ गया। इसी दौरान पीछे से बिना नंबरी स्विफ्ट कार में सवार 3-4 बदमाश पहुंचे और कार के शीशे तोड़ दिए। बदमाशों ने लाठी-सरियों से हमला कर दोनों को नीचे खींच लिया और मारपीट करते हुए 1.18 करोड़ रुपए नकद, एस-क्रॉस कार और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मुखबिर की सूचना से बिछाया जाल पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर अजय, मोहनलाल, कन्हैयालाल और प्रकाश पर संदेह होने पर उनकी तलाश शुरू की। पूछताछ में चारों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रिमांड के दौरान 97 लाख 12 हजार 250 रुपए नकद, लूटी गई एस-क्रॉस कार, वारदात में इस्तेमाल सफेद बिना नंबरी स्विफ्ट कार और डकैती के पैसों से खरीदी गई चांदी की दो जोड़ी पायजेब और एक कड़ा बरामद किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *